'मेरा अगला टारगेट है...', गौतम गंभीर ने बता दिया टीम इंडिया का प्लान
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने बताया है कि उनका अगला प्लान टेस्ट चैंपियनशिप जीतना है जिसे भारत आज तक नहीं जीत सका है।

गौतम गंभीर, File Photo Credit: PTI
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम ने टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है। पिछले वर्ल्ड कप में विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवीद्र जाडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ जीती टीम इंडिया में इस बार ज्यादातर युवा खिलाड़ी थी। इस कामयाबी के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने कई मामलों पर बात की है। उन्होंने अपना अगला प्लान भी बता दिया है कि अब वह टेस्ट चैंपियनशिप जीतना चाहते हैं। रोचक बात है कि भारतीय टीम अभी तक एक भी टेस्ट चैंपियनशिप नहीं जीत पाई है। गौतम गंभीर का कहना है कि अभी भी भारत के पास 9 मैच बचे हैं और वह हर हाल में टीम को वहां पहुंचाना चाहते हैं। गौतम गंभीर का कहना है कि वह भारतीय टीम में सुपरस्टार नहीं बनाना चाहते बल्कि वह चाहते हैं कि एक सुपर टीम बने।
गौतम गंभीर ने मैच के दौरान न हंसने, सुपर स्टार कल्चर, टीम के अगले टारगेट और टीम के माहौल के बारे में खुलकर बात की है। टी20 के कप्तान सूर्य कुमार यादव की तारीफ करते हुए गौतम गंभीर ने यह भी कहा है कि सूर्या के चलते उनका काम काफी आसान हो जाता है। गौतम गंभीर ने महेंद्र सिंह धोनी के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर भी जवाब दिया है जिसमें धोनी ने उन्हें हंसने की सलाह दी थी।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप जीत गए, फिर ट्रेन से घर क्यों गए शिवम दुबे? खुद बताई वजह
ANI के साथ किए पॉडकास्ट में गौतम गंभीर ने जीत के बाद की खुशी के बारे में बात की है। उन्होंने कहा है, 'अब मैं अगले कुछ महीनों तक मुस्कुरा सकता हूं। यह जर्नी सिर्फ वर्ल्ड कप की नहीं थी। हमने पिछले डेढ़ साल में यह प्रोसेस शुरू किया। तब यही कोशिश थी कि हम कैसे वर्ल्ड कप जीत सकते हैं। हमारा लक्ष्य था कि हम कैसे सबसे निडर टीम बन सकते हैं। ICC टूर्नामेंट में आप कितने बहादुर और निडर हो सकते हैं, वही तय करता है कि आप वर्ल्ड जीत सकते हैं या नहीं। हमने जैसे खेला वह दर्शाता है कि डेढ़ साल में जो बात की उसे हम मैदान पर उतार पाए।'
ना हंसने पर क्या बोले गंभीर?
अक्सर गौतम गंभीर काफी सीरियस दिखते हैं और इसकी चर्चा कमेंट्री बॉक्स में भी होती है। वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में गंभीर को सलाह दी थी कि अगर वह मुस्कुराएंगे तो अच्छा लगेगा। इस पर जब गंभीर से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'कोच के रूप में कई बार आप ऐसी मुश्किल स्थिति में होते हैं, जो बहुत सारे लोगों ने नहीं झेला होता। अच्छी बात है कि उन्होंने (धोनी ने) इस पर ट्वीट किया। जब आप डग आउट में होते हैं तो बहुत कुछ दांव पर होता है। इतनी उम्मीदें होती हैं कि आप हंसना चाहो भी तो आप नहीं हंस पाओगे। जब आप वर्ल्ड कप खेलते हैं तो हारना कोई विकल्प नहीं होता लेकिन ऐसा हमेशा नहीं हो सकता है। जीत की कोई गारंटी नहीं होती है। इस बार भी कोई गारंटी नहीं थी कि हम वर्ल्ड कप जीत ही जाते।'
यह भी पढ़ें: अर्शदीप सिंह पर ICC ने क्यों लगाया जुर्माना? कटेगी 15% मैच फीस, जानें वजह
https://twitter.com/ANI/status/2031577998344990957
कीर्ति आजाद के बयान पर दिया जवाब
वर्ल्ड कप में मिली जीत के बाद मंदिर जाने और इस पर कीर्ति आजाद के बयान को लेकर पूछे गए गौतम गंभीर ने कहा है, 'मैं इसके बारे में क्या बोलूं? यह सवाल जवाब देने लायक ही नहीं है। यह देश के लिए बड़ा मौका है और उसकी खुशी मनानी चाहिए। ऐसे बयानों को उठाने की जरूरत ही नहीं है। अगर आप 15 खिलाड़ियों के प्रयासों को हल्का करना चाहते हैं तभी इसका जवाब देना चाहिए। ऐसे तो कल को कोई भी उठकर कुछ भी बयान देगा और हम जवाब ही देते रहेंगे। एक मैच हारने के बाद खिलाड़ियों पर इतना दबाव था और अगर आप ऐसा जवाब दे रहे हैं तो उनकी मेहनत को कमतर आंक रहे हैं।'
https://twitter.com/ANI/status/2031573326062026824
संजू सैमसन को सपोर्ट करने पर गौतम गंभीर ने कहा है, 'मैंने उसका सपोर्ट किया क्योंकि मेरा मानना है कि वह टीम के लिए बहुत कुछ कर सकता है। कई बार लोग कम रन बना पाते हैं, न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके साथ ऐसा ही हुआ। ऐसा नहीं है कि आपकी खराब फॉर्म हमेशा रहेगी। हमने उसे ब्रेक दिया और जब वह वापस आया तो हमें पता है कि वह अच्छा करेगा। हमने उसका टैलेंट देखा है। हमें उम्मीद है कि वह अपना करियर फिर से शुरू कर पाएगा।'
यह भी पढ़ें: 1 महीने तक फोन बंद, टी20 वर्ल्ड कप के लिए बदला गेम प्लान, संजू ने ऐसे पलटी कहानी
अर्शदीप सिंह के विवादित थ्रो पर गौतम गंभीर ने कहा, 'आप अपनी टीम के लिए खेल रहे हैं और अग्रेशन तो दिखाना ही होता है। उसमें कोई खराबी नहीं है। आप वापस थ्रो मारते हैं तो उसमें कुछ गलत नहीं है। किसी भी खिलाड़ी को दो छक्के खाना अच्छा नहीं लगता है और मैं अपने खिलाड़ियों से ऐसा ही रिस्पॉन्स देखना चाहता हूं। अगर अर्शदीप माफी नहीं भी मांगता तो मुझे कोई दिक्कत नहीं थी। उसकी अच्छाई है कि उसने माफी मांगी लेकिन इसकी कोई जरूरत नहीं थी। क्रिकेट के मैदान पर कोई दोस्त या दुश्मन नहीं होता है। यह सब पहले भी होता था, आज आप सोशल मीडिया के माध्यम से इसे आगे बढ़ाते हैं लेकिन इसकी इतनी भी जरूरत नहीं है।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap



