मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन ने 33 साल की उम्र में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया है। जिस उम्र में खिलाड़ियों का करियर ढलान पर होता है, उस पड़ाव में सारांश अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुलदीप यादव की जगह मौका मिला है। कुलदीप वायरल बुखार के चलते सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि कुलदीप जरूरत पड़ने पर कन्कशन सबस्टिट्यूट के तौर पर उतर सकते हैं। भले ही BCCI का कहना है कि कुलदीप वायरल बुखार से पूरी तरह से नहीं उबर पाए, इसलिए नहीं खेल रहे हैं लेकिन पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि सारांश के लिए उन्हें ड्रॉप किया जा सकता है। कुलदीप ने गॉल टेस्ट में सिर्फ 1 विकेट चटकाए थे।
यह भी पढ़ें: महिला हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी भारतीय टीम? समीकरण समझिए
कौन हैं सारांश जैन?
सारांश ऑफ स्पिन गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उनके पिता सुबोध जैन फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं। सारांश ने 2014 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था लेकिन वह अगले 8 साल में सिर्फ 8 ही फर्स्ट क्लास मैच खेल पाए। उन्होंने 2022 में अपने करियर का नया मोड़ दिया। सारांश ने रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 13 विकेट लिए और एक अर्धशतक भी जड़ा।
दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के फैन सारांश ने पिछले रणजी सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 57.55 की औसत से 518 रन बनाए थे और 20.43 की औसत से 30 विकेट झटके थे। इससे पहले उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में गदर काटा था। सेंट्रल जोन के लिए खेलते हुए इस खिलाड़ी ने दो मैचों में 16 विकेट लेने के अलावा दो अर्धशतकीय पारियां खेली थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले उन्हें टीम इंडिया के नेट बॉलर के तौर पर चुना गया था।
यह भी पढ़ें: 'मेरा काम ट्रॉफी जीतना, व्यूज या लाइक्स देखना नहीं...' आलोचकों को गंभीर का जवाब
सारांश का रिकॉर्ड कैसा है?
सारांश ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास, 47 लिस्ट-ए और 20 टी20 मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 31.75 की औसत से 2223 रन बनाए हैं और 27.30 की औसत से 188 विकेट लिए हैं। उन्होंने लिस्ट-ए में 553 रन बनाने के साथ 38 विकेट चटकाए हैं। टी20 में उनके नाम 37 रन और 18 विकेट दर्ज है।