भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज
संजू सैमसन
एक बार फिर टीम इंडिया में अपनी जगह को लेकर चर्चा में हैं। जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में उनका नाम शामिल नहीं है, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में खेलने वाले लगभग सभी प्रमुख बल्लेबाजों को टीम में मौका मिला है। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में एक ही सवाल है कि आखिर 11 साल से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे संजू सैमसन अभी तक टीम में अपनी जगह पक्की क्यों नहीं कर पाए?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक यह नहीं बताया है कि संजू सैमसन को टीम से बाहर क्यों रखा गया। उनकी जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को मौका मिला है, जिन्होंने
IPL
2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। चयनकर्ताओं के इस फैसले के बाद एक बार फिर यह बहस शुरू हो गई है कि आखिर संजू सैमसन का टीम इंडिया में भविष्य क्या होगा।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन बाहर, मयंक यादव की वापसी; जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान
लगातार खराब प्रदर्शन ने बढ़ाई मुश्किलें
संजू सैमसन हाल के टी20 मुकाबलों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में उनका बल्ला शांत रहा। लगातार तीन नाकाम पारियों के बाद टीम मैनेजमेंट ने दूसरे टी20 में उनकी जगह 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी
को मौका दिया। वैभव ने अपने डेब्यू मैच में तेज शुरुआत कर चयनकर्ताओं का भरोसा और मजबूत किया। ऐसे में साफ संकेत मिल रहे हैं कि टीम मैनेजमेंट अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को लंबा मौका देना चाहता है।
संजू सैमसन ने साल 2015 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब से अब तक वह 65 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। इन मैचों की 57 पारियों में उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला, जिसमें 5 बार वह नाबाद लौटे। संजू ने अब तक 27.02 के औसत से 1405 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक और 3 शतक लगाए हैं। इसके अलावा 5 मौकों पर उन्होंने 30 से ज्यादा रन की पारी भी खेली। हालांकि, दूसरी तरफ वह 8 बार बिना खाता खोले यानी डक पर भी आउट हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया', किस वायरल दावे पर सूर्यकुमार ने तोड़ी चुप्पी?
संजू अपनी जगह पक्की क्यों नहीं कर पा रहे हैं?
संजू सैमसन ने साल 2015 में टी20 में डेब्यू किया था लेकिन पहला मैच खेलने के बाद ही उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसके बाद करीब पांच साल इंतजार करना पड़ा और 10 जनवरी 2020 को उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई। संजू ने टी20 इंटरनेशनल में अपना आखिरी शतक 15 नवंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के आखिरी तीन मुकाबलों में लगातार तीन अर्धशतक लगाए और अपने दमदार खेल की बदौलत 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी बने।
IPL 2026 में भी उनका बल्ला खूब चला और उन्होंने दो शतक जड़े। हालांकि संजू के साथ एक दिक्कत हमेशा देखने को मिलती है। जब वह बड़ी पारी खेलते हैं तो उसके बाद की कुछ पारियों में जल्दी आउट हो जाते हैं। इससे टीम को शुरुआत में ही झटका लग जाता है। भारतीय क्रिकेट में इस समय मुकाबला काफी कड़ा है। हर IPL सीजन के बाद कई युवा खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करके टीम इंडिया में जगह बनाने की दावेदारी पेश करते हैं। ऐसे में अगर किसी खिलाड़ी का फॉर्म थोड़ा भी खराब होता है तो उसे ज्यादा मौके नहीं मिलते और जल्द ही टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।