logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, 20 चाल में खत्म हुआ मुकाबला

भारत के डी गुकेश और और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच विश्व शतरंज चैंपियनशिप की दूसरी बाजी भी ड्रॉ समाप्त हुई। तीसरी बाजी 26 नवंबर को खेली जाएगी।

World Chess Championship

गुकेश और सिंदारोव दूसरी बाजी खेलते हुए।(Photo Credit: FIDE Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच विश्व शतरंज चैंपियनशिप की दूसरी बाजी भी ड्रॉ रही। बुधवार (25 नवंबर) को खेली गई दूसरी बाजी केवल 20 चाल तक ही चली। इस बाजी में दोनों ही खिलाड़ी बड़ा जोखिम लेने से बचते हुए दिखे। दोनों के बीच पहली बाजी का नतीजा भी ड्रॉ रहा था। ऐसे में दो मुकाबलों के बाद गुकेश और सिंदारोव के एक-एक अंक हैं।

 

बता दें कि चैंपियन बनने के लिए दोनों खिलाड़ियों के बीच कुल 14 बाजियां खेली जाएंगी। जो खिलाड़ी सबसे पहले 7.5 अंक हासिल कर लेगा। वह इस बार का विश्व चैंपियन बन जाएगा। अगर 14 बाजियों के बाद दोनों के अंक बराबर रहते हैं, तो विजेता का फैसला टाईब्रेकर से होगा। चैंपियनशिप की शुरुआत 24 नवंबर से जेनेवा में हुई थी।

शुरुआत में गुकेश ने गंवाया ज्यादा समय

दूसरी बाजी में भारत के डी गुकेश सफेद मोहरों के साथ खेलने उतरे थे। उन्होंने इस बाजी में लंदन सिस्टम से खेल की शुरुआत की थी। दोनों खिलाड़ियों ने शुरुआती चालों में संभलकर खेला। सिंदारोव ने सातवीं चाल में ही अपना वजीर आगे बढ़ा दिया था। इसके बाद 10वीं चाल तक उन्होंने किंग साइड में कैसलिंग भी कर ली।

 

हालांकि, पहली बाजी की तरह ही गुकेश ने इस बार भी शुरुआती चालों में काफी समय लिया। इसके चलते दूसरी बाजी में उनका समय घटकर करीब 55 मिनट रह गया था। वहीं, सिंदारोव के पास लगभग एक घंटा 26 मिनट बचे थे। गुकेश के पास सफेद मोहरों के साथ खेलने का फायदा उठाकर शुरुआत में बढ़त बनाना चाह रहे थे। लेकिन, गुकेश को इसमें सफलता नहीं मिली। 

26 नवंबर को होगी तीसरी बाजी

तीसरी बाजी गुरुवार यानी 26 नवंबर को खेली जाएगी। इस बाजी में गुकेश काले मोहरों के साथ खेलेंगे। वहीं सिंदारोव के पास सफेद मोहरों के साथ खेलते हुए चैंपियनशिप में बढ़त बनाने का मौका होगा। दो मुकाबलों के बाद स्कोर 1-1 है।

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप: 38 चाल तक चली जंग, ड्रॉ में भी गुकेश जीते कैसे?

 

मुकाबले के बाद गुकेश ने मीडिया से बात करते हुए लंदन सिस्टम चुनने और जल्दी ड्रॉ होने पर अपना जवाब दिया। उन्होंने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि लंदन सिस्टम ओपनिंग का अच्छा तरीका है। इसमें सफेद और काले दोनों मोहरों के साथ खेलने के कई विकल्प मिलते हैं। उन्होंने कहा कि किसी एक ओपनिंग को दूसरी से बेहतर नहीं कहा जा सकता। मैच की शुरुआत लंदन सिस्टम से करना उनके लिए अच्छा विकल्प था।

क्या होता है लंदन सिस्टम?

लंदन सिस्टम (London System) शतरंज में सफेद मोहरों के लिए एक बहुत ही फेमस ओपनिंग करने का तरीका है। इसकी शुरुआत d4 (क्वींस पॉन) की चाल से होती है। इस तरीके में मुख्य तौर से अपने काले खानों वाले बिशप (Dark-squared Bishop) को शुरुआती चालों में ही f4 पर बाहर निकालना होता है।


और पढ़ें