राजस्थान के जोधपुर में दो बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सगी बहनों ने लगभग दो महीने के अंतराल में अपनी जान दे दी। परिवार ने आरोप लगाया है कि बहनों के साथ लंबे समय तक गैंगरेप, ब्लैकमेल और धमकियों का सिलसिला चलता रहा लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
पहली घटना 20 मार्च की है, जब बड़ी बहन ने मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद छोटी बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और गांव के ई-मित्र सेंटर संचालक महिपाल समेत आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना था कि आरोपियों ने उसकी बहन के अश्लील वीडियो बनाकर कई सालों तक ब्लैकमेल किया और गैंगरेप जैसी वारदातों को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में बवाल: वकीलों पर लाठीचार्ज, पुलिस पर पत्थरबाजी; मामला क्या है?
चार साल तक होता रहा शोषण
शिकायत के अनुसार, महिपाल और उसके साथियों ने बड़ी बहन को करीब चार साल तक ब्लैकमेल किया। आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलते रहे। युवती ने पुलिस को बताया था कि आरोपियों की धमकियों और लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने जान दी। उसने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह भी आत्महत्या कर लेगी।
यह भी पढ़ें: बिहार: एक्सिस बैंक में मिले 500 रुपये के 22 फर्जी नोट, अब होगी जांच
विरोध प्रदर्शन के बीच मौत
शुक्रवार को युवती इंसाफ की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। राजपूत समाज के लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने महिपाल समेत दो आरोपियों को हिरासत में लेने और मामले में विभागीय जांच कराने की बात कही है।