बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के गेट और दीवार पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ 22 राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। वारदात रविवार की अहले सुबह की है l इस दौरान स्कूल बंद था। इतना ही नहीं, अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए स्कूल के मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपए की रंगदारी का पर्चा भी चिपकाया है। पर्चे में धमकी दी गई है कि अगर पैसा नहीं दिया तो अंजाम बुरा होगा। घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में दहशत है।
पहले पर्चा चिपकाया, फिर बरसाईं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 4 बजे हेलमेट पहने दो युवक बाइक से स्कूल के पास पहुंचे। स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों की पूरी करतूत कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि पहले एक युवक बाइक से उतरकर स्कूल के मेन गेट पर एक पर्चा चिपकाता है और फिर दोनों स्कूल के चारों तरफ घूम-घूमकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर देते हैं। करीब 2 मिनट तक लगातार गोलियां चलती रहीं।
यह भी पढ़ें: अभिजीत दीपके ने खुद को बताया MP का CM, पद से इस्तीफा भी दे दिया; मगर क्यों?
स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और लोहे के गेट पर गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलियों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों के लोग नींद से जाग गए। जब तक लोग बाहर निकलते, तब तक दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए तेजी से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान बदमाशों ने करीब दो दर्जन राउंड हवाई फायरिंग की। पुलिस ने मौके से 22 खोखे बरामद किए हैं। सभी खोखे 9एमएम पिस्टल के बताए जा रहे हैं।
50 लाख की रंगदारी का पर्चा लिखा, पैसा नहीं मिला तो बुरा होगा अंजाम
घटना की सबसे खौफनाक बात स्कूल के गेट पर चिपकाया गया रंगदारी का पर्चा है। पर्चे में स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पर्चे में लिखा है कि अगर 50 लाख रुपये नहीं दिए गए तो स्कूल को बंद करा दिया जाएगा l स्कूल संचालक को गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। पर्चे पर किसी गैंग का नाम लिखा है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है। लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि पर्चे पर एक कुख्यात गैंग का नाम लिखा हुआ है, जो पहले भी इस इलाके में रंगदारी मांग चुका है। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि उन्हें पहले कभी इस तरह की धमकी नहीं मिली थी। अचानक हुई इस वारदात से वे काफी डरे हुए हैं। स्कूल में करीब 800 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं।
मौके पर पहुंची डीएसपी, एफएसएल टीम ने भी की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी और कांटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया और जमीन पर बिखरे खोखों को जब्त किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि स्कूल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों के आने और भागने के रास्ते को ट्रेस किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए केरल सरकार ने खोली तिजोरी, 551 करोड़ आवंटित
कांटी और आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस इस मामले को दो एंगल से देख रही है। पहला एंगल रंगदारी का है, जबकि दूसरा एंगल स्कूल की जमीन से जुड़ा विवाद भी हो सकता है। बताया जा रहा है कि चंद्रशील विद्यापीठ की जमीन को लेकर पहले से ही कुछ विवाद चल रहा है। पुलिस जमीनी विवाद सहित सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है।