उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में बारिश के चलते जर्जर दो मंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद पिता और उनकी तीन बेटियां मलबे में दब गईं। हादसे में पिता समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि घायल काजल की दो महीने बाद शादी होने वाली थी।
हिरनी गांव निवासी मुकेश (48) खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। मुकेश के परिवार में चार बेटियां काजल (19), माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) थीं। परिवार की जिम्मेदारी मुकेश के ही कंधों पर थी।बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मकान में नमी आ गई थी। दो मंजिला कच्चा मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। रविवार को अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे में दब गया।
यह भी पढ़ें: 'लड़की बन जाओ शादी कर लूंगा', वादे पर किन्नर ने लिंग बदलवा लिया तो कर दिया इनकार
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
मकान गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया।इसके बाद सभी को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश, उनकी बेटियों माया, नीतू और पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं काजल गंभीर रूप से घायल मिली। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर काजल की शादी से जुड़ी है। 19 वर्षीय काजल की शादी दो महीने बाद होनी थी। परिवार में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।अब काजल ही अपने परिवार में अकेली बची है। अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही काजल के सामने एक तरफ अपनों को खोने का गम है तो दूसरी तरफ उसके इलाज की चुनौती है।
यह भी पढ़ें: बेटी को ‘मुर्गा’ बनाया तो भड़का पिता, प्रिंसिपल की शर्ट फाड़ी और थप्पड़ बरसाए
चार सदस्यों की मौत से गांव में मातम
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से हिरनी गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य कराया। प्रारंभिक तौर पर बारिश के कारण मकान के कमजोर होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।