महाराष्ट्र के पुणे के लोहागढ़ किले में 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआत में इसे एक हादसा माना जा रहा था लेकिन अब पुलिस की जांच में मामला सुनियोजित हत्या का निकलकर सामने आया है। इसी बीच यह भी पता चला है कि केतन का परिवार उनकी मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन को खास बनाने के लिए बड़े और भव्य जश्न की तैयारी में जुटा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, केतन के पिता और कारोबारी विशाल अग्रवाल ने सिया के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए महाबलेश्वर के एक पांच सितारा होटल में 70 कमरे बुक कराए थे। 20 जून को दोनों परिवारों के साथ जन्मदिन मनाने की योजना थी लेकिन इससे पहले ही घटनाक्रम ने दर्दनाक मोड़ ले लिया।
यह भी पढ़ें: कोलकाता में तीन मंजिला गोदाम की छत गिरी, 3 की मौत; कई दबे
सिया ने बदली बर्थडे पार्टी की योजना
पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन को परिवार के साथ महाबलेश्वर जाने की बजाय पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर अकेले घूमने के लिए मना लिया। 18 जून को दोनों वहां ट्रेकिंग के लिए पहुंचे, जहां केतन गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया लेकिन बाद की जांच में हत्या की आशंका सामने आई।
फरवरी में हुई थी सगाई, नवंबर में होनी थी शादी
केतन और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी और नवंबर में उनकी शादी तय थी। दोनों पिछले महीने प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए बाली भी जाने वाले थे लेकिन आखिरी समय में यह यात्रा रद्द हो गई। केतन के पिता का आरोप है कि सिया ने जानबूझकर उनका पासपोर्ट छिपा दिया था, ताकि यह यात्रा न हो सके।
यह भी पढ़ें: दादर में मेयर बोलीं सब ठीक है, तभी खुले नाले में गिरा BMC कर्मचारी
प्रेमी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश
जांच में पता चला कि सिया का एक अन्य युवक चेतन चौधरी से भी संबंध था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। CCTV फुटेज में एक युवक हूडी पहनकर केतन और सिया के पीछे चलता दिखाई दिया। इसी फुटेज और सिया के व्यवहार पर संदेह के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की। पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन को खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की।