जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले में एक मजदूर की मौत हुई है। एक अन्य मजदूर घायल है। आतंकवादियों ने कुलगाम जिले के केलम इलाके में घटना को अंजाम दिया। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर बताया कि मृतक मजदूर छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। उन्होंने डीजीपी से बात करके आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने का निर्देश दिया है। घायल मजदूर भी छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। 10 दिन के भीतर यह कश्मीर में हुआ दूसरा आतंकी हमला है। इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग में आतंकियों ने एक सिपाही की गोली मारकर हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: स्पेन में घुसपैठियों की बाढ़: 60 हजार घुसे, 43 की मौत; अब तक क्या-क्या हुआ?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आतंकियों ने केलम इलाके में स्थित एक ईंट भट्ठे पर हमला बोला और यहां काम करने वाले दो बाहरी मजदूरों को गोली मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक मजदूर की जान चली गई, जबकि दूसरे का अनंतनाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी घटनास्थल से फरार हो चुके हैं। सुरक्षा बल ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
आतंकियों ने की सिपाही की हत्या
22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक पर आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद यह जम्मू-कश्मीर में हुआ पहला आतंकी हमला था।
यह भी पढ़ें: 'अब पाकिस्तान के खिलाफ हो चुके मुजाहिदीन', भारत ने इस्लामाबाद को घेरा
बड़गाम के बीरवाह के रहने वाले आईआर की तीसरी बटालियन के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा पर तैनात थे। तभी आतंकियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की। सिपाही को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। सुरक्षा बल इस हमले को भी अंजाम देने वाले आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।
एलजी मनोज सिन्हा ने डीजीपी से की बात, ऑपरेशन तेज करने का निर्देश
कुलगाम आतंकी हमले पर जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने 'एक्स' पर लिखा, 'कुलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई। मैंने डीजीपी नलिन प्रभात और सुरक्षा के बड़े अधिकारियों से बात की। मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे अपने ऑपरेशन तेज करें और आतंकवादियों को खत्म करें। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के एक और घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायल के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है।'