महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेलवे की नौकरी और ग्रेच्युटी की रकम को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक 60 वर्षीय सास ने कथित तौर पर अपनी ही बहू की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में सास और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। यह घटना रिश्तों में पैसों और संपत्ति को लेकर बढ़ते टकराव की भयावह तस्वीर पेश करती है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान लताबाई नाथा गांगुर्डे के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी बहू रूपाली विलास गांगुर्डे थी। रूपाली के पति विलास गांगुर्डे रेलवे कर्मचारी थे, जिनका सितंबर 2025 में निधन हो गया था। पति की मौत के बाद रेलवे नियमों के तहत रूपाली को करीब 9 से 10 लाख रुपये की ग्रेच्युटी की राशि मिली थी। इसी रकम को लेकर सास और बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। लताबाई चाहती थी कि यह पूरी राशि उसके पास रहे।
यह भी पढ़ें: जब चुनाव से पहले राम रहीम को मिली पैरोल
क्या है पूरा मामला?
इसके अलावा रेलवे में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था। लताबाई का कहना था कि नौकरी उनके 15 वर्षीय पोते को मिलनी चाहिए, जबकि रूपाली ने खुद अनुकंपा के आधार पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसी बात को लेकर पारिवारिक रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती चली गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक जनवरी को कल्याण इलाके में वलधुनी पुल के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटनावश मौत मानते हुए एडीआर दर्ज किया।
हालांकि, जांच में उस समय नया मोड़ आया जब लताबाई खुद थाने पहुंची और दावा किया कि उसकी बहू रूपाली सुबह से लापता है। बाद में उसने पुल के पास मिले शव की पहचान रूपाली के रूप में की। जब पुलिस की टीम ने लताबाई से गहन पूछताछ की, तो उसकी कहानी में कई विरोधाभास सामने आए।
यह भी पढ़ें: बिहार में लुटेरी बनी पुलिस, चलती ट्रेन से 1.44 करोड़ का सोना लूटा
पूछताछ के दौरान हुआ खुलासा
पूछताछ में खुलासा हुआ कि लताबाई ने अपने दोस्त जगदीश महादेव म्हात्रे जिनकी उम्र 67 साल है, उनके साथ मिलकर बहू की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात दोनों ने लोहे की रॉड से रूपाली पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की, खून के धब्बे साफ किए, कपड़े बदले और शव को पुल के पास फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।