समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यूपी के वाराणसी में स्थित एक अस्पताल में फैली खराब व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वाराणसी को क्योटो नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम इसे कुत्ता-मुक्त बना दें। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के स्वास्थय मंत्री और डबल इंजन की सरकार पर भी तंज कसा।
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें अस्पताल के अंदर कुत्तों को देखा जा सकता है। अखिलेश यादव ने कहा, 'अगर आप इसे क्योटो नहीं बना सके तो कुकुरमुक्त (कुत्ता-मुक्त) ही कर दीजिए। कम से कम प्रधान संसदीय क्षेत्र के प्रधान अस्पताल को तो सुधरवा दीजिए।'
यह भी पढ़ें: 'ममता बनर्जी को जान से मारने की धमकी दे रही BJP', TMC के आरोप से सनसनी
क्योटो क्यों कहा?
अखिलेश यादव 2014 में हुए उस समझौते का जिक्र कर रहे थे, जिसके तहत जापानी शहर क्योटो के अनुभव का उपयोग करते हुए वाराणसी का विकास किया जाना था। अखिलेश यादव इसी समझौते के बहाने सरकार की चुटकी ले रहे थे और वाराणसी में सरकार की असफलता को दिखा रहे थे।
पीएम पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'अगर डबल इंजन में टकराहट नहीं है तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से कहकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री (ब्रजेश पाठक) का कायदे से हालचाल पूछकर, इस दुर्गति के लिए उनका फ़ुल चेकअप और सही इलाज करवा दीजिए और हमेशा के लिए आराम करने के लिए घर भेज दीजिए। मतलब अस्पताल के पदभार से परमानेन्ट छुट्टी दिलवा दीजिए।' अखिलेश यादव ने कहा, 'कहीं ऐसा तो नहीं कि आपस में टकराते हुए डबल इंजन की कोई डबल चाल है, जो आपको बदनाम करना चाहती है।'
यह भी पढ़ें: 'RSS गो बैक', जामिया यूनिवर्सिटी में संघ के कार्यक्रम का विरोध, जमकर हुआ बवाल
पीएम मोदी करेंगे यूपी का दौरा
अखिलेश यादव की पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा शुरू होने से कुछ घंटे पहले आई। प्रधानमंत्री वाराणसी में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बंगाल चुनाव के बाद अब इसे अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।