एक दिन बाद यानी 29 अप्रैल को पश्चिन बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग होनी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) बीजेपी के ऊपर गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी ने आरोप में कहा है कि बीजेपी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जान से मारना चाहती है। साथ ही टीएमसी ने यह भी आरोप लगाया है कि बीजेपी राज्य में अपनी 'गोली मारो और ठोक दो' की संस्कृति लाने की कोशिश कर रही है।
दरअसल, यह विवाद सोमवार को एक वायरल वीडियो के शुरू हआ है। सोमवार को चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले में पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा। इस दौरान जिले में पहुंचने के बाद अजय पाल ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए धमकी दे रहे हैं। धमकाते हुए अजय पाल का वीडियो वायरल हो गया है।
यह भी पढ़ें: 'हमला करना होता हम बहुत जगह कर सकते थे...', बंगाल में प्रचार खत्म, बयानबाजी जारी
ममता बनर्जी को खुलेआम मारने की धमकी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने कहा, 'रेप की धमकियों और घटिया, अपमानजनक कार्टूनों के सर्कुलेशन के बाद बीजेपी अब ममता बनर्जी को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने पर उतर आई है।'
टीएमसी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, 'इस बीच, भारत का चुनाव आयोग चुपचाप बैठा है। मूकदर्शक बना हुआ है। यह बंगाल के लिए बीजेपी का परिवर्तन है। वे उत्तर प्रदेश और बिहार की सड़कों पर बनी अपनी गोली मारो और ठोक दो संस्कृति को बंगाल में ट्रांसप्लांट करना चाहते हैं।'
अजय आलोक के पोस्ट से बवाल
तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक के एक पोस्ट का स्क्रीनशॉट लगाते हुए बीजेपी के ऊपर ये गंभीर आरोप लगाया है। बीजेपी प्रवक्ता ने अपनी पोस्ट में लिखा है, 'डराएगा तो ठोकाएगा दीदी' जिसका मतलब है अगर आप हमें डराने की कोशिश करेंगी, तो आपको गोली मार दी जाएगी दीदी।'
टीएमसी ने कहा कि यह बयान बीजेपी के रुख को दिखाता है कि वह बंगाल में क्या लाना चाहते हैं। ममता बनर्जी तीन बार की चुनी हुई मुख्यमंत्री हैं।
यह भी पढ़ें: 'बंगाल कोई उत्तर प्रदेश नहीं', IPS अजय पाल के वायरल वीडियो पर TMC आगबबूला
आम मांओं और बेटियों पर क्या कहर ढाएंगे?
पार्टी ने आगे आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी एक बड़े डराने-धमकाने की संस्कृति को दिखाती है। इस संस्कृति को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मंजूरी मिली हुई है। टीएमसी ने कहा, 'अगर वे दीदी के बारे में ऐसे बोलते हैं, तो यह सोचकर ही सिहरन पैदा होती है कि ये भगवा गुंडे बंगाल की आम मांओं और बेटियों पर क्या कहर ढाएंगे।'
'बंगाल भूलता नहीं है'
तृणमूल कांग्रेस ने आगे कहा, 'लेकिन इन शब्दों को याद रखना। बंगाल भूलता नहीं है। बंगाल माफ नहीं करता है। इस बेइज्जती, अपनी बेटी के खिलाफ इस धमकी का जवाब बातों से नहीं, बल्कि वोटों से दिया जाएगा। 4 मई को बंगाल अपनी बात कहेगा।'