समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने मिल्कीपुर और छिबरामऊ विधानसभा का जिक्र किया। यह भी बताया कि बंगाल में ममता बनर्जी ने आज जो सामना किया है, उसका समाजवादी पार्टी ने साल 2022 में पहले ही सामना कर चुकी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों पर भी बंगाल चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने कहा, 'जो दीदी (ममता बनर्जी) ने और बंगाल की जनता ने आज देखा है। यह हम 2022 में देख चुके हैं। 2022 में बहुत सी विधानसभाओं में सेंट्रल फोर्स लगाकर इन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पुलिंग स्टेशन और काउंटिंग स्टेशन से निकाल करके रिजल्ट बदला था।'
उन्होंने आगे कहा, 'सुना है कि बहुत सारे अधिकारी ट्रेंड होकर यूपी से गए थे। बड़ी संख्या में उन अधिकारियों को तैनात किया गया, जिनका यूपी से गहरा संबंध था। कुछ लोगों को वोटिंग में हमने भी अपनी समाजवादी पार्टी की सरकार में ऑब्लाइज किया। वे बंगाल में जाकर लोकतंत्र को डैमेज कर रहे थे।'
मिल्कीपुर में हुई वोट डकैती: अखिलेश
अखिलेश यादव ने बताया, 'मिल्कीपुर विधानसभा में समाजवादी पार्टी को 48 फीसद वोट मिला। लोकसभा इलेक्शन में 49 प्रतिशत वोट मिला। बीजेपी को हमसे कम वोट मिला। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी की हार बड़ी थी और प्रभु श्री राम की जनता ने हम लोगों को आशीर्वाद दिया था, क्योंकि बीजेपी की सरकार ने प्रभु श्री राम की गरीब जनता की जमीन छीनकर भूमाफिया को बेचा। बाजार तोड़े गए। बुलडोजर चले। उनके साथ अन्याय हुआ। उन सबने मिलकर बीजेपी को हरा दिया, लेकिन उपचुनाव जीतने के लिए क्या नहीं किया?'
अखिलेश ने आगे कहा, छह वोट डलवाए। कई मंत्रियों को लगवाया। मंत्रियों के लोग पकड़ गए। नतीजा यह हुआ कि बीजेपी 60 फीसद पर पहुंच गई। समाजवादी पार्टी 34 फीसद पर रह गई।'
'अधिकारी से मिल्कीपुर लूटने को कहा गया'
उन्होंने एक अधिकारी का जिक्र किया और उस पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया। सपा प्रमुख ने कहा, वहां एक अधिकारी तैनात किया गया था। मुझे मजबूरी में अधिकारी का नाम भी पढ़ना पड़ा था। हमारे माता प्रसाद पांडेय उस अधिकारी के खिलाफ दो चिट्ठी लिख चुके हैं। उसके ऊपर जो मुकदमे और धाराएं, आप यकीन नहीं कर सकेंगे कि कोर्ट ने क्या लिखवाई? उससे कहा गया था कि तुम्हारा केस खत्म करवा देंगे। केवल इतना कर दो कि मिल्कीपुर लूट लो।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार से चुनाव मैनेज करती है या चुनाव जीतती है... हम लोग उपचुनाव के समय और उससे पहले और आपको याद होगा कि 2024 लोकसभा में भी हम लोग चर्चा पर यहां आकर बैठे थे। हम लोगों को यह ऐलान करना पड़ा था कि रिजल्ट के दिन करो या मारो और बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। तभी प्रशासन से आपको सर्टिफिकेट और प्रमाण मिलेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं अपने समाजवादी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता और साथियों को धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने आखिरी वक्त और सर्टिफिकेट मिलने तक प्रशासन के साथ खड़े रहे। कई जगह सरकार ने बहुत तरीका अपनाया, लेकिन हमारी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मजबूती से खड़े रहे। उसका परिणाम यह हुआ कि उन्हें सर्टिफिकेट भी मिला और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन ने भारतीय जनता पार्टी को हराकर देश में एक ऐसी सरकार बनी, जो पूर्ण बहुमत की नहीं थी।