उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रामपुरा थाने के SHO पर BJP नेता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। BJP नेता दिनेश मिश्रा का दावा है कि अपने कर्मचारी को छुड़ाने थाने पहुंचने पर SHO शिव प्रकाश सिंह ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और करीब 10 मिनट तक नागिन डांस करने के लिए मजबूर किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, SHO शिव प्रकाश सिंह को लाइन हाजिर किया गया है और अब उनकी जगह पर केपी सरोज को थाने की कमान सौंपी गई है।
दिनेश मिश्रा ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक (SP) और जिला पंचायत अध्यक्ष से की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमेंट देने में असमर्थता जताने पर SHO नाराज हो गए और उन्हें कमरे में ले जाकर डांस करने के लिए कहा। हालांकि, SHO ने इन आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है। SP ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। जालौन पुलिस ने सोशल मीडिया पर बताया है कि इस प्रकरण के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ को जांचकर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है ।
यह भी पढ़ें: शादी की रात ही उजड़ गया सुहाग, दुल्हन फर्श पर मिली; फंदे से लटका था दूल्हा
कर्मचारी को छुड़ाने थाने पहुंचे थे BJP नेता
दिनेश मिश्रा के मुताबिक, उनके एक कर्मचारी को दो दिन पहले शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। कर्मचारी को छुड़ाने के लिए वह रामपुरा थाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि बातचित के दौरान SHO ने उनसे 20 बोरी सीमेंट देने की मांग की। उन्होंने जब सीमेंट देने में असमर्थता जताई तो आरोप है कि SHO नाराज हो गए और उन्हें एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया।
BJP नेता का दावा है कि कमरे में SHO ने उन्हें नागिन डांस करने का आदेश दिया। पुलिस के दबाव और डर के कारण उन्हें करीब 10 मिनट तक डांस करना पड़ा। दिनेश के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय लोग थाने पहुंचे और SHO से शिकायत की। इसके बाद BJP नेताओं ने स्थानीय विधायक मूलचंद्र निरंजन को मामले की जानकारी दी। BJP नेताओं के अनुसार, विधायक ने SP से फोन पर बात कर SHO के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: मोजों में छिपाकर ले जा रहा था करोड़ों का सोना, पटना जंक्शन पर DRI ने पकड़ा
SHO ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
SHO शिव प्रकाश सिंह ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं हुआ। SP विनय कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। BJP नेताओं ने SHO पर पहले भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं लेकिन इन पुराने आरोपों की कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।