हरियाणा के अंबाला शहर में एक तीन मंजिला इमारत गिर गई। इस बिल्डिंग को बनाने के लिए कई मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक मकान ढह गया। वहां काम करने वाले कई मजदूर मलबे में फंस गए, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोगों को रेस्क्यू टीम ने बचा लिया। इसके अलावा मौके पर रेस्क्यू टीम का ऑपरेशन जारी है। अभी भी कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना अंबाला शहर के धूलकोट गांव में हुई, जब रविवार यानी 27 सितंबर को अचानक बिल्डिंग गिर गई। इस घटना को लेकर अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 3 बजे यह बिल्डिंग ढह गई। उस दौरान बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूर ही मौजूद थे, जो बिल्डिंग के मलबे में फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग के लोग मलबा हटाने में जुटे हैं, ताकि मलबे में फंसे मजदूरों को निकाला जा सके।
यह भी पढ़ें: बिहार के 11 जिलों में जमाबंदी अभियान चला, भूमि सुधार के अधिकारी फील्ड पर उतरे
बिल्डिंग क्यों गिरी?
इस हादसे को लेकर बिल्डिंग में काम कर रहे कर्मजीत ने कहा कि इस बिल्डिंग की पहली मंजिल पर प्लास्टर का काम किया जा रहा था। इसके साथ ही दूसरी मंजिल पर फर्श डाला जा रहा था। इसी प्रकार तीसरी मंजिल पर लेंटर लगाने का काम चल रहा था। कर्मजीत के हिसाब से पहली मंजिल पर लगभग 6 लोग काम कर रहे थे। दूसरी मंजिल पर 3 लोग थे। इसके अलावा तीसरी मंजिल पर 10 लोग काम कर रहे थे।
दोपहर करीब 3 बजे तीसरी मंजिल का लेंटर गिर गया। इसके बाद दूसरी मंजिल के मजदूर जब नीचे जाने लगे, तो कई लोग इसी दौरान कूद गए। लेंटर का मलबा गिरता गया और पूरी बिल्डिंग का पिछला हिस्सा पूरी तरह से ढह गया।
यह भी पढ़ें: गर्लफ्रैंड से शादी करना चाह रहा था बेटा, पुलिस पिता ने रोका, बाप को मार दी गोली
15 से 20 लोग मलबे में फंसे
इस घटना को लेकर अंबाला के एसडीएम दर्शन कुमार ने बताया कि यह बेहद दुखद हादसा हुआ है, जहां दमकल विभाग के लोग रेस्क्यू में जुटे हैं। दर्शन कुमार ने अंदाजा लगाया कि बिल्डिंग के मलबे में लगभग 15 से 20 लोग फंसे हो सकते हैं।
इसके बाद दर्शन कुमार ने बताया कि कई लोगों की जान बचाई गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती हुए लोगों में 4 लोग ऐसे हैं, जिन्हें इलाज के बाद डॉक्टर ने छुट्टी दे दी। जबकि बाकी लोगों का इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद के शिष्य की हुई मौत, प्राइवेट पार्ट पर मिले चोट के निशान
बिल्डिंग के ठेकेदार फरार
एसडीएम ने इस बिल्डिंग के मालिक के बारे में बताया कि अभी तक मकान के मालिक के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल बिल्डिंग के मालिक और बिल्डिंग में काम करने वाला ठेकेदार फरार हैं। एसडीएम दर्शन कुमार ने साफ तौर पर कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।