आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक लड़के ने 31 अक्टूबर को 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की पर आरी से हमला कर दिया, इससे लड़की के सिर, पीठ और चेहरे पर चोटें आई थीं। हमला करने वाले आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उस वक्त पुलिस से भागने की कोशिश कर रहा था। आरोपी छात्र ने पुलिसकर्मियों पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। इस स्थिति में पुलिस ने आत्मरक्षा में 6 राउंड गोलियां चलाईं, आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी छात्र को रविवार की शाम को आत्मकुर जंगल क्षेत्र के पास गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस आरोपी छात्र को राप्ताडु ले गई, जहां उसने शनिवार को लड़की पर हमला किया था। पुलिस पूरी घटना का मुआयना कर रही थी, तभी आरोपी छात्र पुलिस पर हमला कर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए गोलियां चलाईं।
यह भी पढ़ें: जिस घर में मुस्कान ने साहिल को मारा, उसका खुला ताला; दीवाली बाद होगी पुताई
आरोपी के पैर पर मारी गोली, इंस्पेक्टर भी घायल
जब आरोपी पुलिस पर पत्थर मारकर भागने की कोशिश कर रहा था, तब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 6 राउंड गोलियां चलाईं। उसके बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बारे में अनंतपुर के एसपी जगदीश ने कहा, 'पुलिस विभाग ने लगभग 15 टीमें बनाई थीं। घटना के बाद से ही हमारी टीमें लगातार काम कर रही थीं। आज शाम हमें सूचना मिली कि आरोपी आत्मकुर वन क्षेत्र के बाहरी इलाके में मौजूद है। इस जानकारी के आधार पर, आरोपी को खोजने और गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें भेजी गईं। जब हमारी टीम आरोपी के पास पहुंची, तो उसने हंगामा करने की कोशिश की और अपने पास मौजूद चाकू से उन पर हमला करने का प्रयास किया।
शुरुआत में, हमारे अधिकारियों ने हवा में गोली चलाकर उसे चेतावनी दी, लेकिन जब उसने फिर से हमारे अधिकारियों पर हमला करने की कोशिश की और एक इंस्पेक्टर को घायल कर दिया, तो हमारी टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। लगभग 6 राउंड गोलियां चलाई गईं। आरोपी के पैर पर गोली चलाई गई थी। इसके बाद, उसे अस्पताल ले जाया गया। हम उससे पूछताछ करेंगे।'
आरोपी ने शनिवार को राप्ताडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक लड़की पर हमला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच 10वीं क्लास में घुस गया और पेड़ काटने वाली आरी से लड़की पर हमला किया। लड़की बुरी तरह घायल हो चुकी थी, इसलिए स्कूल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसका अभी भी इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: बद्रीनाथ के ऊपर ग्लेशियर गिरने का है खतरा, रिपोर्ट से समझिए कितना होगा नुकसान
पीड़िता के चेहरे की हुई सर्जरी
घायल छात्रा को अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां के डॉक्टरों ने बताया कि लड़की के चेहरे, दाहिने हाथ और कंधे पर गहरी चोटें लगी हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्रा के चेहरे की सर्जरी करना जरूरी था। इस वजह से बाद में छात्रा को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छात्रा की लगभग 12 घंटे तक सर्जरी की गई। उसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती किया गया।