ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी पिछले महीने उत्तर प्रदेश के रामपुर में रैली करने पहुंचे थे। रामपुर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान का गृह जिला है। आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर ओवैसी ने कहा था कि वह अल्लाह से दुआ करते हैं कि उनकी सभी तकलीफें और मुश्किलें दूर हों और उनके रास्ते आसान हों। अब अंतरिम जमानत पर जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने ओवैसी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने उनके लिए दुआ नहीं की थी, बल्कि उनके दुश्मनों के लिए दवा दी थी।
आजम खान को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को वह गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हुए। आजम खान से मीडिया ने पूछा कि असदुद्दीन ओवैसी ने उनके लिए दुआ की थी, इस पर वह क्या कहेंगे? आजम खान ने कहा कि वह ओवैसी के शुक्रगुजार हैं, लेकिन उनका घर महज चार कदम दूर था। वह वहां आकर उनकी पत्नी से उनका हालचाल पूछ सकते थे।
'मौलाना नहीं, बैरिस्टर हैं'
आजम खान ने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा, 'चुनाव में बहुत वक्त है। बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं हैं। दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना नहीं हो जाता और न ही कोई साधु हो जाता है। मौलाना होने के लिए मौलवियत की डिग्री चाहिए। फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री होनी चाहिए। वह बैरिस्टर हैं।'
जब मीडिया ने उनसे कहा कि ओवैसी ने उनके लिए दुआ की थी तो आजम खान ने कहा, 'साहब, मैं उनका शुक्रगुजार हूं। चार कदम पर मेरा घर था, मुफ्त का टेलीफोन था। मेरी बीवी से खैरियत ले सकते थे, तशरीफ ला सकते थे। वह दुआ नहीं थी, मेरे दुश्मनों के लिए दवा थी।'
यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी
'हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं'
आजम खान ने इस दौरान हैदराबादी बिरयानी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'हम और हमारे इस पूरे खित्ते (क्षेत्र) में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती। हमारे यहां पुलाव पसंद किया जाता है और मटन बिरयानी पसंद की जाती है। वही लोग खाते हैं।' दरअसल, कुछ समय से चर्चा थी कि आजम खान ओवैसी के साथ जा सकते हैं। हालांकि, उनके इस बयान से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक दूरी साफ नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें: किस उम्मीद से सत्ता में आने का दावा कर रहे चंद्रशेखर आजाद? खुद बताया प्लान
ओवैसी के गठबंधन पर क्या होगा असर?
असदुद्दीन ओवैसी ने 12 नवंबर 2026 को लखनऊ में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन का ऐलान किया था। दोनों नेताओं ने इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। इसके तहत 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई है।
इस गठबंधन का मकसद दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साझा राजनीतिक मंच पर लाना है। ऐसे में आजम खान की रिहाई और ओवैसी पर उनके इस बयान का असर गठबंधन की रणनीति पर पड़ सकता है। आजम खान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के बड़े मुस्लिम चेहरों में शामिल हैं। उनकी सक्रियता से मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा की पकड़ मजबूत हो सकती है।