उत्तर प्रदेश के बागपत में एक पुलिस कांस्टेबल पर धर्म परिवर्तन और शादी के लिए दबाव डालने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। डायल 112 सेवा में तैनात कांस्टेबल श्रीकांत की शिकायत पर शनिवार को खेकड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया।
कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में कहा है कि साल 2022 में गाजियाबाद में तैनाती के दौरान दिल्ली की रहने वाली एक महिला हिना उर्फ मुब्बासरीन से उसकी मुलाकात हुई थी। उसने दावा किया कि महिला ने उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया। महिला बार-बार धर्म बदलकर शादी करने का जोर देती थी।
यह भी पढ़ें: द केरला स्टोरी 2: प्यार, धोखा और धर्म परिवर्तन के खेल में सस्पेंप खूब है
धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर कैसे हुआ कांस्टेबल?
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने इनकार किया तो महिला ने उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। महिला की धमकियों से डरकर, कांस्टेबल, धर्म परिवर्तन और शादी करने के लिए मजबूर हो गया। आरोप हैं कि महिला लगातार उसे ब्लैकमेल कर रही थी।
धर्म बदला, जमात से भी जुड़ने के लिए बनाया दबाव
पुलिस के मुताबिक महिला कथित रूप से कांस्टेबल को दिल्ली की एक मस्जिद में ले गई, जहां धर्म परिवर्तन से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए। आरोप है कि महिला ने उन पर धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने और जमात से जुड़ने का भी दबाव बनाया।
यह भी पढ़ें: जाट पुनिया कैसे अल्पसंख्यक हो गए? धर्म परिवर्तन पर सुप्रीम कोर्ट ने पूछे सवाल
यूपी पुलिस ने महिला को सिखाया सबक
पुलिस ने कहा है कि उत्तर प्रदेश अवैध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम और IT अधिनियम की धाराओं समेत संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को शनिवार को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया। महिला अब न्यायिक हिरासत में है।