उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक बोरवेल के कुएं में उतरना दो किसानों के लिए जानलेवा साबित हुआ। मोटर का पंखा ठीक करने कुएं में उतरा किसान जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए नीचे उतरा दूसरा किसान भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया। दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीतपारा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अजीतपारा निवासी करीब 45 वर्षीय लालू पुत्र गया, शिवनारायण सिंह के खेत में बने बोरवेल के कुएं में लगी मोटर का पंखा ठीक करने के लिए उतरा था। बताया गया कि करीब 15 फीट नीचे पहुंचते ही वह जहरीली गैस की चपेट में आ गया और बेहोश होकर कुएं में गिर पड़ा।
साथी को बचाने उतरा दूसरा किसान
लालू को कुएं में अचेत पड़ा देखकर करीब 44 वर्षीय कृष्ण कुमार पुत्र शिवनारायण सिंह उसे बचाने के लिए नीचे उतर गया। कुछ ही देर बाद कृष्ण कुमार भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। दोनों के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर खेतों में मौजूद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
यह भी पढ़ें: बेटी और उसके प्रेमी ने रची साजिश, मां का सिर काटकर नहर में फेंकी लाश
पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला
ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो दोनों किसान नीचे अचेत पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने लालू को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं कृष्ण कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: चल रहा है तलाक का केस, अब पत्नी भानवी को हर महीने 30000 का भत्ता देंगे राजा भैया
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी, नायब तहसीलदार बबेरू, बिसंडा थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश तिवारी और हल्का इंचार्ज गौरव मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों से जानकारी लेकर उन्हें ढांढस बंधाया।
क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दोनों किसानों के जहरीली गैस की चपेट में आने की बात सामने आई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।