कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कई होटल और रेस्टोरेंट की रसोइयों में फूड को लेकर फूड सेफ्टी जांच की गई थी। इस जांच के बाद अधिकारियों ने स्काई होटल पर ताला लगा दिया। जांच के दौरान अधिकारियों को होटल स्काई में बड़ी मात्रा में सड़ा हुआ चिकन मिला, साथ ही फंगस लगा हुआ बीफ मिला था। अधिकारियों के मुताबिक लगभग 45 किलो सड़ा हुआ चिकन और बीफ बरामद किया गया था। इसके अलावा पैक्ड प्रोडक्ट्स की जांच की गई थी। इसके साथ ही हेल्थ विभाग ने होटल स्काई के 51 फूड आइटम जब्त किए।
यह जांच बेंगलुरु के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने की है। इसके लिए बेंगलुरु में फूड सेफ्टी अभियान चलाया था, जिसके तहत यह जांच हुई थी। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने सिर्फ स्काई होटल में फूड की क्वालिटी की जांच नहीं की, बल्कि बेंगलुरु के पॉश इलाकों में कई होटलों में फूड क्वालिटी की जांच की थी। इस दौरान स्काई होटल समेत कई होटलों में खाने की चीजों को जब्त किया था। जानकारी के मुताबिक, फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने स्काई होटल, रॉयल चेन होटल, मद्रास किचन होटल, सेंचेज होटल और टेस्कॉन होटल की खाद्य सामग्री जब्त की है।
यह भी पढ़ें: 'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?' एथनॉल विवाद पर बोले जनार्दन मिश्रा
खाने के सामान किए जब्त
फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को स्काई होटल में 45 किलो सड़ा हुआ चिकन और बीफ मिला था। साथ ही 6 किलो एक्सपायर्ड डेल वेजिटेबल कटलेट जब्त किया, साथ ही 15 किलो कुकिंग ऑयल भी जब्त किया था। अधिकारियों को मद्रास होटल में 5 किलो खराब मटर मिला था, जिसे तुरंत जब्त किया गया। तीसरे होटल की बात करें तो सेंचेज होटल में अधिकारियों को 3 किलो सड़ी हुई मछली मिली थी, साथ ही सड़े हुए आलू मिले थे।
जब फूड सेफ्टी के अधिकारी रॉयल चेन होटल पहुंचे थे तो उन्हें 50 किलो बत्तख का मांस और 5 किलो सड़ी हुई मछली मिली थी। इसके अलावा टेस्कॉन होटल में 5 किलो सड़े हुए मशरूम को जब्त किया गया था। फूड सेफ्टी के अधिकारियों ने खाने के कई सामान फेंकवा दिए। अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी होटलों में स्काई होटल में सबसे ज्यादा लापरवाही बरती गई थी, इसलिए होटल को अधिकारियों ने सील कर दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार के मखाने को मिलेगा ग्लोबल पहचान, हर जिले में खुलेंगे ‘पॉपिंग सेंटर’
होटलों पर उठे सवाल
फूड सेफ्टी के अधिकारियों ने बेंगलुरु के जाने-माने होटलों में जांच की थी, जो 3 स्टार और 5 स्टार होटल माने जाते हैं। उन होटलों में सड़ा हुआ खाना मिलना गंभीर लापरवाही है। यह मामला उन ग्राहकों को जागरूक करता है, जो बेझिझक इन होटलों में खाना खाने जाते हैं।