बेंगलुरु से बीते शनिवार को एक चौंका देने वाला मामला सामने आया। एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर डिलीवरी एजेंट पर जबरन घर में घुसने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है। महिला ने बताया डिलीवरी एजेंट पार्सल देने उसके घर आया था।
महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट जब पार्सल देने आया तो वह अपने फ्लैट में अकेली थी। पार्सल देने के बाद एजेंट नें महिला से वॉशरुम इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी। महिला ने बताया बहुत शालीनता से कई बार मना करने के बावजूद शख्स ने चप्पलें उतारीं और उनकी मर्जी के बिना जबरन मेरे घर में घुस गया।
यह भी पढ़ें: 'मर्द चालाक नहीं होते, औरतें मौका देती हैं', आकांक्षा का बयान चर्चा में क्यों?
वॉशरुम से बाहर आकर की अश्लील हरकत
महिला ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने वॉशरुम से बाहर आने के बाद अपना प्राइवेट पार्ट दिखाया और अश्लील हरकत की। महिला ने वॉशरूम से निकलते समय डिलीवरी एजेंट का वीडियो बना लिया, जिसमें उसकी पैंट की जिप खुली दिखाई दे रही है।
वीडियो में डिलीवरी एजेंट अपनी पैंट की जिप खुली होने की स्थिति में घर से भागता हुआ दिख रहा है। महिला उस पर चिल्लाती हुई दिख रही है। सोशल मीडिया पर रोते हुए अपना वीडियो शेयर कर महिला ने कहा इस घटना के बाद मैं बुरी तरह डर गई थी, सदमे में थी। अपना ही घर मुझे असुरक्षित लगा।
आरोपी डिलीवरी एजेंट ने क्या कहा?
इस मामले में आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामत को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने इस पूरे मामले में अपनी सफाई दी है।
आरोपी का कहा है कि उसे बहुत जोर से शौचालय जाने की जरूरत थी, इसलिए उसने महिला का बाथरूम इस्तेमाल किया। जब महिला चिल्लाने लगी, तो वह घबरा गया और वहां से भाग निकला। आरोपी ने महिला के सामने अश्लील हरकत करने के आरोप से इनकार किया है। इस मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: दफ्तर की 14 टॉक्सिक आदतें, जिन्हें अपनाकर बन सकते हैं सफल, शख्स की टिप्स वायरल
फ्लिपकार्ट ने क्या कहा?
हम इस घटना से बहुत दुखी हैं। हमारी तरफ से पीड़ित महिला की हर संभव मदद की जा रही है। हमारे लिए ग्राहकों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है और इसमें किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। फ्लिपकार्ट के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही हमने डिलीवरी एजेंट की सेवाएं तुरंत खत्म कर दीं। इस मामले में FIR दर्ज हो चुकी है और हम पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
फ्लिपकार्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हम हर डिलीवरी पार्टनर को काम पर रखने से पहले उसका बैकग्राउंड चेक करते हैं, जरूरी ट्रेनिंग भी देते हैं। इस तरह की घटनाएं बहुत ही कम होती हैं, लेकिन एक भी ऐसी घटना हमारे लिए स्वीकार्य नहीं है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ग्राहकों की सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर नए कदम उठाए जा सकें।