बेंगलुरु में हुई यौन उत्पीड़न की घटना पर दिए अपने बयान की वजह से कर्नाटक के गृह मंत्री विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने कहा था कि 'बड़े शहरों में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं'। उन्होंने यह बयान सीसीटीवी के वायरल हुए एक वीडियो के बाद दिया था जिसमें एक शख्स रात के वक्त एक महिला को गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा था।
इस घटना से लोगों में काफी गुस्सा है, जो कि सिक्युरिटी के लिए लगे कैमरे में कैद हो गया और इसे सोशल मीडिया पर काफी शेयर भी किया गया। इसने महिलाओं की सुरक्षा से लेकर बहस छेड़ दी है। गृह मंत्री ने कहा था, 'इस तरह की घटनाएं बड़े शहरों में अक्सर होती रहती हैं। जो भी कानूनी कार्रवाई की जानी है, वह कानून के अनुसार की जाएगी। मैंने अपने कमिश्नर को भी बीट पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है।'
यह भी पढ़ेंः कर्नाटक कांग्रेस में बवाल, प्रदेश अध्यक्ष पद नहीं छोड़ेंगे शिवकुमार!
सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
घटना का सीसीटीवी कैमरा फुटेज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें दो महिलाएं एक संकरी गली से गुज़रती हुई दिखाई दे रही हैं, तभी एक आदमी जो उनका पीछा कर रहा था, उन्हें अचानक पकड़ लेता है, उन्हें घेर लेता है और उनमें से एक महिला को छूता है और फिर मौके से फरार हो जाता है।
घटना के बाद सदमे में आकर महिलाएं वहां से चली गईं। फुटेज के टाइमस्टैम्प के अनुसार, यह घटना 3 अप्रैल को सुबह करीब 1 बजकर 52 मिनट पर हुई।
पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि कोई भी महिला शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आई है, लेकिन बेंगलुरु पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। धारा 354बी के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो किसी महिला के कपड़े उतारने के इरादे से हमला करने या आपराधिक कृत्य करने से संबंधित है।
यह भी पढ़ेंः कर्नाटक में ओला-ऊबर बाइक टैक्सी पर रोक, समझें क्या है पूरा मामला?
पहले भी हुईं घटनाएं
बेंगलुरू में महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की घटनाएं काफी आम होती जा रही हैं। इस साल जनवरी में ऐसी ही एक घटना में, 24 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर दो लोगों द्वारा परेशान किया गया, जो लोग बेंगलुरु में उसके द्वारा बुक की गई एक कैब में जबरन घुस गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना 27 जनवरी को सुबह 2 बजे के आसपास हुई, जब महिला के कैब में बैठते ही दो अनजान लोग कैब में बैठ गए, जिसके बाद उन दोनों लोगों कैब चालक के बीच झड़प हुई।
जब महिला ने घबराकर कैब से उतर गई तो कथित तौर पर दोनों में से एक आरोपी ने उसका पीछा किया और उसकी गर्दन पकड़ ली, जबकि दूसरे ने उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। महिला ने मदद के लिए चिल्लायी, जिसके बाद आरोपी भाग गए।