पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, बिहार BJP चलाएगी सेवा माह
भाजपा बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा माह चलाएगी। इस दौरान राज्यभर में कई सारे कार्यक्रम होंगे।

संजय सरावगी Photo Credit- Social Media
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा माह के रूप में बड़ा अभियान चलाएगी। इस दौरान सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के लिए किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इसी अभियान की तैयारियों को लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान सेवा माह में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठन की तैयारियों, जिम्मेदारियों और लोगों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। बिहार के अलग-अलग जिलों से पार्टी के नेता और पदाधिकारी भी इसमें शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: बिहार में खाद की कालाबाजारी पर सख्ती, मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कार्यशाला में बनी कार्यक्रमों की रूपरेखा
बीजेपी प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में दिनभर कार्यशाला चली। इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और जिलों से आए प्रमुख नेता मौजूद रहे। कार्यशाला में सेवा माह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और उनकी तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 'बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को पहले से ही ‘सेवा पखवाड़े’ के रूप में मनाती रही है। इस बार प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर इसे और बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह सेवा माह प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।' उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिवस है और इसी दिन से सेवा माह शुरू होगा। एक महीने तक हर जिले, मंडल और बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संजय सरावगी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने सार्वजनिक जीवन में गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने सुशासन, जनभागीदारी और विकास के क्षेत्र में नए काम किए हैं। सेवा माह के दौरान इन कामों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंद लोगों तक सेवा कार्यों के जरिए पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। बीजेपी के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है बल्कि यह संगठन के काम करने के तरीके का हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित यह सेवा माह कार्यकर्ताओं को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूत करने का मौका देगा।' उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को लोगों की भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।
उन्होंंने आगे कहा, '7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब से लेकर 7 अक्टूबर 2026 तक उनके संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। यह कोई राजनीतिक सफर नहीं बल्कि एक तपस्या है। पीएम मोदी ने दुनिया को दिखाया है कि सत्ता राज करने के लिए नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का माध्यम है। उनका मंत्र ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ रहा है। इसी के तहत जन-धन योजना से करोड़ों गरीबों के खाते खुले, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से राहत मिली और पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को मदद मिली।'
सेवा माह में होंगे कई कार्यक्रम
सरावगी ने कहा, 'राम मंदिर का सपना पूरा हुआ और धारा 370 हटाई गई। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा और किसानों के लिए भी कई काम किए गए हैं। बीजेपी इस मौके को सिर्फ उत्सव के रूप में नहीं बल्कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है। कार्यकर्ताओं को इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाना है, छूटे हुए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है और युवाओं से संवाद करना है। साथ ही प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जमीन पर उतारने का प्रयास करना है।'
सेवा माह के दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, दिव्यांग सहायता शिविर, गरीब बस्तियों में सेवा कार्य, लाभार्थी संपर्क अभियान, युवा संवाद, महिला सम्मान कार्यक्रम और बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के कामों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। हर जिले में प्रबुद्धजन सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जीतन राम मांझी और चिराग पासवान फिर उलझे, झगड़ा किस बात का है?
हर जिले और बूथ पर होंगे कार्यक्रम
राज्य स्तरीय कार्यशाला में बिहार के अलग-अलग जिलों से पार्टी के नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला में जिलों में होने वाले कार्यक्रमों और उनकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी दी गईं। हर जिले के लिए प्रभारी और सह प्रभारी बनाए गए हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू होने वाला यह सेवा माह बिहार में सेवा, समर्पण और लोगों की भागीदारी की नई मिसाल बनाएगा। बीजेपी का हर कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने के लिए काम करेगा और प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएगा। 25 साल का यह सफर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का सफर है। मोदी जी ने जो कहा वह किया। नरेंद्र मोदी ने देश को नया भारत दिया है। बिहार में भी डबल इंजन की सरकार में विकास हो रहा है। सेवा माह के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को हर घर तक पहुंचाया जाएगा।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




