logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार में पुलिस ही सुरक्षित नहीं, पिस्टल दिखाकर महिला कांस्टेबल से लूट

बिहार में पिस्टल के बल पर एक महिला कांस्टेबल से बदमाशों ने चेन लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

Bihar Women Constable Chain Snatching

महिला कांस्टेबल नेहा कुमारी। (Photo Credit - Social Media)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP-6) में तैनात एक महिला कांस्टेबल से लूट का मामला सामने आया है। कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बाइक सवार बदमाशों ने महिला कांस्टेबल से पिस्टल के बल पर सोने की चेन लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। यह घटना शुक्रवार को शाम 6 बजे के करीब मिठनपुरा थाना क्षेत्र में बीएमपी-6 के पास न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी में हुई है। 

 

महिला कांस्टेबल नेहा कुमारी बाजार से सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने आवास लौट रही थीं। जैसे ही वह बीएमपी-6 मेन रोड से अपने घर की तरफ जाने वाली गली में मुड़ीं, पहले से घात लगाए काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक अड़ा दी। बदमाशों ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और गले से करीब एक भर वजन की सोने की चेन झपट ली। लूटी गई चेन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: असम बाढ़: समय रैना ने की 10 लाख रुपये की मदद, CM हिमंता बोले- धन्यवाद

हिम्मत दिखाकर किया पीछा, बदमाशों ने चलाई गोली  

जब बदमाश भागने लगे तो नेहा ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। भागते वक्त दोनों बदमाशों में से एक ने पिस्टल निकालकर एक राउंड फायरिंग कर दी। इसकी वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के बाद बदमाश बाइक की रफ्तार तेज कर गली से निकल गए और देखते ही देखते भीड़ में गायब हो गए। नेहा ने तुरंत इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों और मिठनपुरा थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस  

पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही बदमाशों के भागने के रूट का भी पता लगाया जा रहा है। नेहा ने पुलिस को बताया कि दोनों बदमाश काफी देर से उनकी स्कूटी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह सुनसान गली में मुड़ीं, बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। एसएसपी ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। 

 

इस घटना के बाद बीएमपी-6 और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक तरफ जहां बिहार पुलिस अपराध पर नियंत्रण का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ वर्दीधारी पुलिसकर्मी ही अपराधियों के निशाने पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही इस इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। पुलिस गश्त के नाम पर खानापूर्ति करती है।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं 8 फीट 10 इंच लंबी बालों वाली रेनू धमीवाल, ऐसे बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

इलाके में दहशत का माहौल  

मिठनपुरा थानेदार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी गई है। फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही इलाके में रात गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं इस वारदात के बाद न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी और बीएमपी-6 के आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। 

 

महिलाओं ने कहा कि शाम के समय अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का फोकस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी पर है। लेकिन एक महिला पुलिसकर्मी से दिनदहाड़े लूट और फायरिंग की इस घटना ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


और पढ़ें