नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के एलान के बाद से बिहार की राजनीति में हलचल तेज है। हर किसी के मन में एक सवाल है कि अगला सीएम कौन होगा। जानकारों का मानना है कि सीएम के लिए बीजेपी के किसी नेता को मौका मिल सकता है और बीजेपी का एक लंबा इंतजार खत्म हो सकता है। अभी तक सीएम की रेस में कई संभावित नाम चलाए जा रहे हैं लेकिन किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुए है। ऐसे में कार्यकर्ता अपने नेता को सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं। लोक जन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान को सीएम बनाने की मांग करते हुए उनके समर्थकों ने पोस्टर लगा दिए हैं।
पटना की सड़कों पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सीएम बनाने की मांग को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। जगह-जगह लगे इन पोस्टरों में एक ही मांग की गई है कि सीएम चिराग पासवान को ही बनाया जाए। एक पोस्टर में लिखा है, 'ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।'
यह भी पढ़ें: फिर मुश्किल में आएंगे केजरीवाल? आबकारी नीति केस में हाई कोर्ट ने भेजा नोटिस
क्या बोले कार्यकर्ता?
एलजेपी के कार्यकर्ताओं की तरफ से मांग की जा रही है कि चिराग पासवान को ही सीएम बनवाया जाए। कार्यकर्ता कह रहे हैं कि इस बार चिराग पासवान को मौका दिया जाना चाहिए। शेखपुरा से पार्टी के जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने यह पोस्टर लगाए और सीएम पद पर चिराग को बैठाने की मांग की। इस पोस्टर में बिहार फर्स्ट बिहार फर्स्ट लिखा है।
लगातार मजबूत हो रहे चिराग पासवान
चिराग पासवान खुद को मोदी जी का हनुमान कहते हैं। बीते पांच साल में उन्होंने बिहार की राजनीतिक में मजबूत पकड़ बनाई है। साल 2020 में अकेले चुनाव लड़ने के बाद उनकी पार्टी में टूट हुई और उसके बाद अब वह मजबूती से वापसी कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उनका स्ट्राइक रेट सबसे बढ़िया रहा था। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: संसद में होगा हंगामा? ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा आज
बिहार की राजनीति में आने की इच्छा
चिराग पासवान भले ही केंद्र सरकार में मंत्री हो लेकिन बिहार आने की उनकी इच्छा जग जाहिर है। वह विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र छोड़ राज्य की राजनीति में आने की बात कह रहे थे। हालांकि, बाद में उन्होंने विधानसभा चुनाव में ना उतरने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया से लेकर रैलियों तक में बिहार आने की इच्छा जाहिर की थी। चिराग के समर्थक उन्हें बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के विकल्प के तौर पर प्रोजेक्ट कर रहे हैं।