संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन ही पक्ष-विपक्ष में जोरदार हंगामा होने की संभावना है। दरअसल, विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा कर सकता है। बहस के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने तैयारी कर रखी है।
इस सिलसिले में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिरिजू ने दिल्ली में सत्तापक्ष की तरफ से बहस में हिस्सा लेने वाले सांसदों के साथ बैठक की है, जबकि कांग्रेस ने भी अपने सीनियर नेताओं के साथ बैठक करके रणनीति तैयार की है।
सबसे पहले रिकी एजे सिंगकॉन को श्रद्धांजलि
बताया गया है कि आज बजट सत्र की शुरुआत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के साथ होगी। निचले सदन लोकसभा में सबसे पहले शिलांग के सांसद रिकी एजे सिंगकॉन को श्रद्धांजलि दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी पूरी मजबूती और तैयारी के साथ में विपक्ष के सभी आरोपों का खंडन करेगा। सरकार विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपालों का किया गया कथित अनादर को संसद में विपक्ष को घेरने के लिए कर सकती है।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट-अमेरिका पर सफाई देगी सरकार, आज संसद में बोलेंगे विदेश मंत्री
ओम बिरला पर भेदभाव का आरोप
दरअसल, विपक्ष लंबे समय से ओम बिरला पर भेदभाव का आरोप लगा रहा है। उनपर यह आरोप साल 2019 के बाद से ही लग रहे हैं। कांग्रेस समेत 118 सांसदों ने सत्र के पहले चरण के दौरान 10 फरवरी को लोकसभा सचिवालय को स्पीकर के खिलाफ नोटिस दिया था। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं बरत रहे हैं और विपक्ष को पर्याप्त मौका नहीं दे रहे हैं।
टीएमसी विपक्ष का देगी साथ
इस अविश्वास प्रस्ताव पर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भी समर्थन दिया है। जबकि शरद पवार की पार्टी एनसीपी (SC) ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है। बता दें कि इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए तीन बार औपचारिक रूप से प्रस्ताव पेश किए गए हैं, लेकिन कोई भी प्रस्ताव पारित नहीं हो पाया है। हालांकि, ओम बिरला पहले ही संसद को बता चुके हैं कि जब तक उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का निपटारा नहीं हो जाता वह सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।
यह भी पढ़ें: शुरू हो गया गर्मी का कहर, हिमाचल से महाराष्ट्र तक चलेगी लू; ताजा अपडेट जानें
संसद में बोलेंगे विदेश मंत्री
सत्र के हंगामेदार होने की आशंका है। समूचा विपक्ष आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, पश्चिम एशिया में संघर्ष और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर मोदी सरकार मोर्चा खोलेगा। इससे सरकार और विपक्ष के बीच संसद में नए सिरे से टकराव हो सकता है। वहीं, मिडिल ईस्ट में चल रही टेंशन को लेकर आज विदेश मंत्री संसद के दोनों सदनों में एस जयशंकर केंद्र सरकार की ओर से जानकारी देंगे।