logo

मूड

ट्रेंडिंग:

समस्तीपुर में नशे के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, पिता ने मना किया तो कर दी हत्या

समस्तीपुर में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने कुदाल से पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

AI generated image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Gemini

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के समस्तीपुर जिले में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड नंबर 39 में हुई इस घटना में पिता को बचाने आई मां पर भी आरोपी ने कुदाल से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना देर रात करीब 12 बजे की है। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है जबकि आरोपी उनका मंझला बेटा मोहम्मद अरमान है। घायल महिला रूबीना खातून मृतक की पत्नी हैं।

 

मृतक के छोटे बेटे मोहम्मद अरबाज ने बताया कि उसका बड़ा भाई अरमान लंबे समय से सूखे नशे का आदी है। वह अक्सर गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता है। नशे की लत के कारण वह कोई काम-धंधा भी नहीं करता था और नशे के लिए पैसे मांगकर पिता पर दबाव बनाता था। बताया गया कि घटना वाले दिन भी अरमान ने अपने पिता मोहम्मद इस्लाम से नशे के लिए पैसे मांगे थे। पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया और उसे समझाने की कोशिश की। इससे नाराज होकर अरमान घर से चला गया।

 

यह भी पढ़ें: नियम सिखाने के बहाने छात्रा को ऑफिस बुलाता था डायरेक्टर, फिर करता था गलत हरकत

 

देर रात करीब 12 बजे वह नशे की हालत में घर लौटा और आते ही माता-पिता से गाली-गलौज करने लगा। परिजनों के अनुसार, उस समय घर के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे और नीचे सिर्फ पति-पत्नी थे। अरमान ने घर में हंगामा शुरू कर दिया। जब पिता ने उसे डांटा तो वह और भड़क गया।

कुदाल से किया हमला

विवाद बढ़ने पर अरमान ने घर में रखी कुदाल उठा ली और पिता पर हमला कर दिया। कुदाल के वार से मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी रूबीना खातून उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं लेकिन अरमान ने उन पर भी कुदाल से हमला कर दिया। इसमें रूबीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर छत पर सो रहा छोटा बेटा अरबाज नीचे पहुंचा। उसने देखा कि पिता घायल हालत में पड़े हैं और मां भी घायल हैं। अरबाज ने आसपास के लोगों को बुलाया और पिता को लेकर समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचा।

 

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहम्मद इस्लाम की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस समस्तीपुर ले आए। वहीं घायल रूबीना खातून का इलाज समस्तीपुर में ही चल रहा है। उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। 

 

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद इस्लाम के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा दूसरे राज्य में मजदूरी करता है। मंझला बेटा अरमान और छोटा बेटा अरबाज घर पर ही रहते हैं। परिजनों ने बताया कि अरमान लंबे समय से नशे का आदी था। लगातार नशा करने के कारण उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ने लगी थी। वह अक्सर घर में झगड़ा करता था। कई बार मोहल्ले के लोगों ने भी उसे समझाया था लेकिन वह नहीं माना।

 

यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती में सेटिंग का खेल, 5 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद अरमान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कुदाल भी जब्त कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

 

प्रभारी सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि आरोपी युवक नशे का आदी है और नशे की हालत में ही उसने इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। घायल महिला का बयान भी दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


और पढ़ें