बिहार के सिवान जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। यहां अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अंधाधुंध गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए जिनमें से 3 की मौत हो गई है, जबकि बाकी के 3 लोगों की हालत गंभीर है और उनका सिवान सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना सिवान के मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास की है।
इस जघन्य घटना की जानकारी मिलते ही मलमलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक आपसी वर्चस्व को लेकर के दो पक्ष में गोलीबारी हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। गोलीबारी के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: डिलीवरी ब्वॉय बनकर रेप करने वाला पीड़िता का दोस्त निकला, हो गया अरेस्ट
तेजस्वी यादव ने घटना को नरसंहार बताया
सिवान में हुए अंधाधुंध गोलीकांड को लेकर आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में नरसंहार हुआ है।
यह भी पढ़ें: 'जय महाराष्ट्र' के बाद 'जय गुजरात' क्यों बोले एकनाथ शिंदे? आ गया जवाब
'अचेत मुख्यमंत्री की अगुवाई में कानून व्यवस्था ध्वस्त'
तेजस्वी यादव ने एक्स पर ट्वीट करके कहा, 'बिहार में नरसंहार! सिवान में 6 लोगों को मारी गोली! 3 की मौका ए वारदात पर मौत! अचेत मुख्यमंत्री की अगुवाई में विधि व्यवस्था ध्वस्त!' बता दें कि तेजस्वी यादव बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं और इसे आगामी विधानसभा चुनाव में मुद्दा बना रहे हैं। हालांकि, इस गोलीकांड पर सीएम की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
इलाके में भारी तनाव
वहीं, सिवान में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। पुलिस ने बताया है कि हमले में 6 लोगों को गोली लगी थी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। सिवान सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 3 घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।