बिहार के पटना में तैनात असिस्टेंट इंजीनियर रितेश कुमार और उनकी पत्नी सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) डॉ. प्रेरणा सिंह पर बड़ी कार्रवाई हुई है। बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। डॉ. प्रेरणा सिंह गोपालगंज सदर एसडीएम हैं। इस मामले में एक साथ 7 ठिकानों पर छापेमारी की गई। पटना, रोहतास और गोपालगंज में एक ही समय पर निगरानी की टीमों ने दबिश दी।
सुबह से ही छापेमारी की खबर के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। रितेश कुमार के पटना स्थित दो फ्लैटों पर विशेष निगरानी की टीम तलाशी ले रही है। इसके अलावा टीम उनके कार्यालय में भी पहुंची है और दस्तावेजों को खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: 'हथकड़ी में ही लौट सकती हैं', शेख हसीना को बांग्लादेश का दो टूक जवाब
पैतृक गांव से लेकर ससुराल तक छापेमारी
छापेमारी केवल पटना तक सीमित नहीं है। रोहतास जिले में रितेश के पैतृक गांव के दो ठिकानों पर भी तलाशी चल रही है। इसके अलावा गोपालगंज में भी उनके दो ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई है। निगरानी विभाग की टीमों ने सभी ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की, ताकि किसी भी दस्तावेज या संपत्ति को ठिकाने लगाने का मौका न मिले। टीम में बड़ी संख्या में अधिकारी और पुलिस बल शामिल हैं। सभी ठिकानों पर बैंक के कागजात, जमीन के दस्तावेज, नकद, जेवरात और अन्य संपत्तियों की जांच की जा रही है।
अवैध संपत्ति का आरोप
विशेष निगरानी विभाग के अनुसार, रितेश पर आय से 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की अवैध संपत्ति बनाने का गंभीर आरोप है। निगरानी विभाग ने लंबे समय तक उनकी आय और संपत्ति का आकलन किया। जांच में पाया गया कि उनकी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति उनके पास है। इसके बाद ही निगरानी ने मामला दर्ज कर छापेमारी की कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी के दौरान जो दस्तावेज मिलेंगे, उनसे अवैध संपत्ति का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
कार्यालय में भी छापा
रितेश के कार्यालय में भी निगरानी की टीम पहुंची है। टीम वहां मौजूद फाइलों, टेंडर से जुड़े दस्तावेजों, भुगतान के कागजात और कंप्यूटर के डेटा की जांच कर रही है। आशंका है कि ठेके और निर्माण कार्यों में भी अनियमितता हुई होगी। निगरानी विभाग यह पता लगा रहा है कि रितेश ने अपने पद का दुरुपयोग कर किस-किस योजना में लाभ उठाया। टीम उनके कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों की सूची भी तैयार कर रही है। कार्यालय में छापेमारी के दौरान कई कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
टीम को मिली थी गुप्त शिकायत
सूत्रों के अनुसार, निगरानी विभाग को रितेश के खिलाफ गुप्त शिकायत मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि सहायक अभियंता की आय से अधिक संपत्ति है। इसके बाद निगरानी ने गुप्त रूप से उनकी संपत्ति का सत्यापन शुरू किया। पटना में फ्लैट, गांव में जमीन, गोपालगंज में ठिकानों और बैंक खातों की जांच की गई। जब प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, तब विभाग ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया और छापेमारी की अनुमति ली। निगरानी के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।
विभाग में हड़कंप
इस छापेमारी के बाद पटना समेत अन्य जिलों के इंजीनियरों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। पिछले कुछ महीनों में निगरानी विभाग ने कई बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की है। राजस्व विभाग में भी 144 अधिकारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। अब सहायक अभियंता पर हुई इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि सरकार भ्रष्टाचार को लेकर किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है।
निगरानी विभाग का कहना है कि छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति का पूरा ब्योरा जारी किया जाएगा। यदि आरोप सही पाए गए तो रितेश के खिलाफ चार्जशीट दायर की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।