logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'तेरी भाषा समझ नहीं आती...', बिहार के युवक को गुरुग्राम में बुरी तरह पीटा

दिल्ली में बिहार के एक युवक की हत्या के बाद अब गुरुग्राम में एक युवक को बुरी तरह मारने-पीटने का मामला सामने आया है। इस बार भाषा और टोन की वजह से यह विवाद हुआ है।

ai generated image of gurugram crime case

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: Gemini

बिहार का होने के चलते पांडव नाम के युवक को दिल्ली में गोली मार दी गई थी। अब हरियाणा के गुरुग्राम में बातचीत के लहजे की वजह से बिहार के एक युवक को बुरी तरह मारा-पीटा गया है। नशे में धुत आरोपियों ने इस युवक को इतनी बुरी तरह मारा कि उसका सिर फट गया और खूब बहने के चलते वह बेहोश हो गया। युवक फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि पीड़ित के दोस्त मौके पर पहुंच गए और उसे बचा लिया। अब पुलिस उन दो आरोपियों को खोज रही है और उसका कहना है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

पुलिस ने बताया है कि 21 मई की सुबह तड़के लगी गंभीर चोटों और ज्यादा खून बह जाने के कारण पीड़ित आदित्य राज पांडे बेहोश हो गया और फिलहाल एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित आदित्य राज पांडे की शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन जब शिकायतकर्ता दोनों व्यक्तियों से मिला तो वे शराब पी रहे थे। आदित्य बिहार के भोजपुर जिले के संदेरा गांव के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'तुम भी बुरका पहना करो', जेब में टोपी मिली तो बीवी को ही बहकाने लगा युवक

 

अपनी शिकायत में आदित्य राज पांडे ने बताया कि उनके दोस्त अंश त्यागी ने उन्हें 20 मई की रात करीब 8 बजे फोन करके अपने दूसरे दोस्त जोएल के. जोस के घर पर मिलने के लिए बुलाया। 21 मई की सुबह वहां उन्होंने अंश त्यागी और जोस के अलावा दो आरोपियों- उदय संसनवाल और निखिल संसनवाल और एक अन्य महिला को पाया। आदित्य का आरोप है कि आरोपी शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद जोस खाना लेने नीचे गया और उसके तुरंत बाद उदय और निखिल ने कथित तौर पर आदित्य राज पांडे को चिढ़ाना शुरू कर दिया।

क्यों हुई मारपीट?

शिकायतकर्ता आदित्य ने कहा है, ‘उन्होंने मेरी हिंदी और क्षेत्रीय लहजे का मज़ाक उड़ाते हुए कहा- हमें तुम्हारी भाषा समझ नहीं आती।' जब मैंने इस घिनौने व्यवहार और गाली-गलौज का विरोध किया तो वे बहुत गुस्सा हो गए और उदय संसनवाल ने मुझे ज़ोर से थप्पड़ मारा।’ आदित्य राज पांडे ने बताया, 'मेरे दोस्त अंश त्यागी ने बीच-बचाव किया और मुझे अलग करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मुझे घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वे लगातार मुझपर हमला करते रहे ताकि मुझे गंभीर चोटे लगे।

 

यह भी पढ़ें: पत्नी से था झगड़ा, नशे में आया और 3 महीने की बेटी को मार डाला, नाले में मिली लाश

 

गनीमत यह रही कि मारपीट के दौरान ही जोएल और अंश वापस लौट आए। दोनों ने मुश्किल से आदित्य को बचाया। आदित्य का कहना है कि अगर दोनों ना आए होते तो शायद उन्हें मार ही डाला जाता। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पीड़ित की शिकायत के आधार पर उदय और निखिल संसनवाल के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’ बताया गया है कि आदित्य एक टेलीपरफॉर्में कंपनी में काम करते हैं।


और पढ़ें