महाराष्ट्र के 29 में से 11 नगर निगम के नतीजे आ चुके हैं। बीजेपी ने नवी मुंबई और जलगांव नगर निगम पर कब्जा जमाया है। वहीं कांग्रेस भिवंडी और कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी बनी है। शुक्रवार देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों की कुल 2,869 सीटों में से 2,784 के नतीजे घोषित हो चुके हैं। बाकी बची 85 सीटों के नतीजे भी जल्द आने की उम्मीद है। 1,372 सीटों पर जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना को 394, कांग्रेस को 315, अजीत पवार की एनसीपी 158 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को 149 सीटों पर जीत मिली है। वहीं बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के 227 में से 204 वार्डों का रिजल्ट आ चुका है। यहां भी बीजेपी 85 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। शिवसेना को 25, कांग्रेस ने 19 और राज ठाकरे की एमएनएस ने पांच सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं 60 सीटों के साथ उद्धव ठाकरे की पार्टी दूसरे स्थान पर है। बीजेपी गठबंधन ने देश के सबसे धनी नगर निगम में बहुमत का आंकड़ा छू लिया है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र LIVE: मेल-मिलाप गया बेकार, मुंबई में ठाकरे तो PCMC में पवार की हार
यहां महायुति का कब्जा?
महायुति गठबंधन ने नवी मुंबई, उल्हासनगर, धुले, पनवेल, जलगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड़ और जालना में जीत हासिल की। नवी मुंबई नगर निकाय में बीजेपी ने 65, शिवसेना ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की। यहां कुल 111 सीट हैं। उल्हासनगर में बीजेपी ने 37 और शिवसेना ने 36 सीटों पर कब्जा जमाया। पनवेल में बीजेपी ने 78 में से 55 और धुले में 74 में से 50 सीटों पर बाजी मारी। जलगांव नगर निगम में शिवसेना ने 22 और बीजेपी ने 46 सीटें जीती हैं। यहां कुल 75 सीटें हैं। शिवसेना (यूबीटी) को पांच और एक-एक सीट पर एनसीपी और निर्दलीय ने जीत दर्ज की।
- जालना: कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की। महायुति गठबंधन ने 53 सीटों पर कब्जा किया। यहां कुल 65 सीटें हैं।
- सांगली-मिराज-कुपवाड़: 39 सीटें जीतकर बीजेपी ने अकेल बहुमत हासिल किया। अजीत पवार की एनसीपी 16 और शिवसेना ने दो सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली। यहां कुल 78 सीटें हैं।
- अहिल्यानगर: यहां अजीत पवार की एनसीपी सबसे बड़ी पार्टी बनी। 68 में से कुल 27 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी ने 25, शिवसेना ने 10, कांग्रेस ने 2 और उद्धव ठाकरे की पार्टी सिर्फ एक सीट पर जीती।
यहां किसी को नहीं मिला बहुमत
मालेगांव में इंडियन सेकुलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र (इस्लाम) पार्टी ने 84 सीटों में से 35 सीटों पर जीत हासिल की। ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने 26 और शिवसेना 18 सीटों पर जीती है। मालेगांव के अलावा भिवंडी-निजामपुर नगर निगम में किसी भी गठबंधन को बहुमत नहीं मिला है। 32 सीटों पर जीत हासिल करके कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी। बीजेपी को 22, शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को 12-12 सीटों पर जीत मिली।
यह भी पढ़ें: 'अमेरिका से बातचीत की जा रही', ईरान तनाव पर भारत ने और क्या कहा?
कांग्रेस ने किया बड़ा दावा
कोल्हापुर में कांग्रेस ने 34 सीटों पर कब्जा जमाया है। बीजेपी को 26, शिवसेना को 15, एनसीपी को चार, शिवसेना (यूबीटी) ने एक सीट पर जीत हासिल की। इस बीच, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि कांग्रेस पांच शहरों में महापौर बनाएगी और उसके करीब 350 पार्षद होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि वह 10 नगर निगमों की सरकार में हिस्सेदार होगी।