महाराष्ट्र के बहुप्रतीक्षित नगर निगम चुनावों के नतीजे आने वाले हैं। थोड़ी देर में मतों की गिनती शुरू होगी। मुंबई समेत राज्य की 29 नगर निगमों के चुनाव के लिए लिए गुरुवार को मतदान हुआ था, अब नतीजे, एक दिन बाद शुक्रवार को जारी हो रहे हैं। ये चुनाव बहुप्रतीक्षित थे और पूरे 9 साल बाद हो रहे हैं। महाराष्ट्र की सियासत में गुरुवार को जमकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला, अब जनता के फैसले पढ़ने का दिन आज है।
महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी। शाम 3:30 बजे तक राज्य में औसत मतदान 46-50 फीसदी रहा। सबसे ज्यादा मतदान कोल्हापुर में 50.85% फीसदी लोगों ने वोट किया, फिर छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर, मुंबई के लोगों ने वोटिंग की। यह 2017 के बाद महाराष्ट्र में होने वाला पहला बड़ा नगर निगम चुनाव है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की 227 सीटों के लिए 1,729 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव में स्याही को लेकर जमकर हंगामा हुआ। उंगली पर स्याही लगाने की जगह मार्कर से निशाना बनाने को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विपक्षी गुट के उद्धव ठाकरे आमने-सामने हैं। अलग-अलग राजनीतिक दलों ने इस पर आपत्ति जताई है। चुनाव के शुरुआती रुझान किसके पक्ष में हैं, जनता का मिजाज क्या है, आइए समझते हैं-
पढ़ें लाइव अपडेट-
2026-01-16T08:17
कितने उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला?
चुनावों के लिए वोटिंग 15 जनवरी को एक ही चरण में हुई थी। वोटिंग सुबह 7:30 बजे शुरू हुई और शाम 5:30 बजे तक चली। पूरे महाराष्ट्र में 15,931 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें मुंबई के BMC में 1,700 और पुणे में 1,166 उम्मीदवार शामिल थे। पूरे राज्य में 39,092 पोलिंग सेंटर बनाए गए थे। राज्य भर के 893 वार्डों के चुनावों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 10 बजे शुरू होगी।
2026-01-16T07:29
एक नजर, BMC के चुनावों पर
महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में सबकी नजरें BMC पर टिकी हैं। यहां करीब चार साल बाद चुनाव हुए और मुकाबला त्रिकोणीय रहा। BJP-शिवसेना, शिवसेना (UBT)-MNS और कांग्रेस-VBA गठबंधन ने चुनाव लड़ा। 227 वार्डों में वोटिंग हुई, जिसमें लगभग 1,700 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। गुरुवार को शाम 5:30 बजे मतदान खत्म होने के बाद नगर निकाय में 52.90% मतदान हुआ।
2026-01-16T07:27
महायुति जीती तो क्या वादे पूरे करने होंगे?
महायुति ने गड्ढा-मुक्त मुंबई का वादा किया है। मारठी मानुष को लाभ पहुंचाने के कई वादे किए गए हैं। वादा किया गया है कि अगर जीत मिली तो BEST बसों में महिलाओं के लिए आधी कीमत पर यात्रा कराया जाएगा। महिला उद्यमियों के लिए ₹50 लाख का ब्याज-मुक्त लोन दिया जाएगा। पांच साल के लिए सालाना 8% पानी टैक्स फ्रीज होगा। अवैध बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्याओं की पहचान के लिए एक विशेष टूल बनाया जाएगा।
2026-01-16T07:00
कोल्हापुर में हुई थी सबसे ज्यादा वोटिंग
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई थी। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि 29 नगर निगमों में कुल वोटिंग 46-50% के बीच रही। दोपहर 3:30 बजे तक कोल्हापुर में सबसे ज़्यादा 50.85% वोटिंग दर्ज की गई, इसके बाद परभणी, अहिल्यानगर, मालेगांव, इचलकरंजी और वसई-विरार का नंबर था। मुंबई के BMC चुनावों में, दोपहर 3:30 बजे तक 41.08% वोटिंग दर्ज की गई, जिसमें 42,49,713 मतदाताओं ने वोट डाले।