संजय सिंह, पटना: बिहार की राजनीति में परिवारवाद को लेकर जंग एक बार फिर तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक मैथिली ठाकुर ने तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला किया है। उन्होने कहा है कि जो लोग खुद परिवार की राजनीति करते हैं, उन्हें हर तरफ वही नजर आता है। इसी संदर्भ में उन्होंने लालू यादव के जेल जाने के बाद राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री बनने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी बिना सोचे-समझे बयान देते हैं जबकि उन्हें परिवारवाद की परिभाषा अपने ही घर में देखनी चाहिए।
मैथिली ठाकुर ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अगर परिवारवाद की सबसे बड़ी कोई मिसाल है तो वह खुद लालू परिवार है। उन्होंने कहा कि RJD में नेतृत्व सिर्फ एक ही परिवार के पास रहता है, जबकि BJP में एक आम कार्यकर्ता भी मेहनत के दम पर ऊंचे पद तक पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें: 'चुनौती दोगे तो 48 घंटे में पलटवार होगा', CM सम्राट का अपराधियों को अल्टीमेटम
मैथिली ठाकुर ने गिनाया तेजस्वी यादव का परिवारवाद
BJP विधायक ने पुराने दिनों को याद दिलाते हुए कहा कि जब लालू प्रसाद यादव जेल गए तो उन्होंने किसी अनुभवी नेता के बजाय अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठा दिया। उन्होंने तंज कसा कि उस समय न तो प्रशासनिक अनुभव देखा गया और न ही राजनीति की समझ, बस परिवार का होना ही काफी था।
मैथिली ठाकुर ने आगे गिनाया कि कैसे तेजस्वी यादव को उपमुख्यमंत्री, तेज प्रताप यादव को मंत्री और मीसा भारती व रोहिणी आचार्य को चुनाव में उतारा गया। उनके अनुसार, यह साफ तौर पर परिवार को आगे बढ़ाने की राजनीति है।
मैथिली ने की BJP की तारीफ
मैथिली ठाकुर ने BJP की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी पार्टी में किसी बड़े नेता का बेटा ही नेता बने ऐसा जरूरी नहीं है। यहां साधारण कार्यकर्ता भी अपनी काबिलियत से शिखर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि BJP लोकतंत्र में यकीन रखती है, जहां संगठन ही सबसे बड़ा होता है। यही वजह है कि आज देश और बिहार की जनता परिवार के भरोसे चलने वाली पार्टियों को पसंद नहीं कर रही है और उनसे दूर हो रही है।
यह भी पढ़ें: मां के प्रेमी को ईंट से कुचलकर मार डाला, फिर बारात में चला गया, आरोपी गिरफ्तार
कानून-व्यवस्था पर भी सरकार का बचाव
राजनीति के साथ-साथ मैथिली ठाकुर ने बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने साफ आदेश दिया है कि जो कानून तोड़ेगा उसे सजा मिलेगी। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार में अब गुंडों की कोई जगह नहीं है, उन्हें या तो जुर्म छोड़ना होगा या फिर राज्य छोड़कर भागना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, पुलिस हर गुनहगार पर कड़ी कार्रवाई करेगी।