उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार को राजनीति का एक अलग ही रंग देखने को मिला। चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो चुके समाजवादी पार्टी (SP) के नेता अमन यादव और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पार्षद के पति राम सिंह कल्लू इस बार कुश्ती के अखाड़े में आमने-सामने नजर आए। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक जमकर दांव-पेंच चले लेकिन कोई भी एक-दूसरे को चित नहीं कर सका। आखिर में रेफरी ने मुकाबला ड्रॉ घोषित कर दिया।
मुकाबला बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) परिसर के बचाऊ वीर अखाड़े में नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान हुआ। दोनों ने एक-दूसरे को पछाड़ने की पूरी कोशिश की लेकिन निर्णायक बढ़त नहीं बना सके। मुकाबला बराबरी पर खत्म होने के बाद इनाम की राशि भी दोनों के बीच बांद दी गई।
यह भी पढ़ें: बिहार में 15 अक्टूबर से शुरू होगा खनन, 44 ब्लॉकों से बढ़ेगी कमाई
चुनाव में आमने-सामने रह चुके हैं दोनों पक्ष
अमन यादव और राम सिंह कल्लू की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता पुरानी है। कल्लू की पत्नी गीता सिंह और अमन यादव ने पहले एक ही वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ा था। अमन यादव समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार थे, जबकि गीता सिंह BJP के टिकट पर मैदान में उतरी थीं। इस चुनाव में गीता सिंह ने अमन यादव को हरा दिया था।
दोनों एक ही अखाड़े में ले चुके हैं ट्रेनिंग
अमन यादव और राम सिंह कल्लू का इस अखाड़े से पुराना नाता है। दोनों पहले यहां कुश्ती की ट्रेनिंग ले चुके हैं। प्रतियोगिता के दौरान किसी ने दोनों को आपस में मुकाबला करने के लिए आंमत्रित किया। इसके बाद दोनों अखाड़े में उतर गए। उन्हें कुश्ती करते देखने के लिए मौते पर मौजूद लोगों में भी खास उत्साह नजर आया।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: SIT की जांच में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट
आपको बता दें कि काशी में नाग पंचमी के मौके पर अखाड़ों में कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित करने की पुरानी पंरपरा है। सोमवार को भी शहर के कई अखाड़ों में सुबह से ही पहलवान जुटने लगे। बचाऊ वीर अखाड़े में भी अलग-अलग उम्र के पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाए। यह अखाड़ा BHU परिसर में प्राचीन हुनुमान मंदिर के पास स्थित है।