झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में झारखंड भारतीय जनता पार्टी ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राजधानी रांची में भी दिखाई दे रहा है। जिसके चलते सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में बाजार और दुकानें बंद रहीं, जबकि सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही भी कम नजर आई।
बंद के कारण कई शहरों और कस्बों में जन जीवन प्रभावित हुआ है। सुबह से ही प्रमुख बाजारों में कम गतिविधियां देखने को मिलीं, वहीं कुछ क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने की कोशिश की। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें: अपने कंटेंट के लिए कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कैसे हासिल करें?
क्या कहा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष आदित्य साहू ने ?
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि सोमवार को रांची में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा पानी की बौछार करने, आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज करने के विरोध में यह बंद बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि बंद सुबह आठ बजे से आधी रात तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है।
JMM पर क्या आरोप लगा रही है BJP?
भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई को छात्रों के खिलाफ 'अत्याचार' का करार दिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की शिकायतों का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोलों का प्रयोग कर रही है। साथ ही पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग का भी समर्थन किया है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान से गुजरात तक सरकार के लिए मुसीबत बन गया चंदीपुरा वायरस?
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और विधानसभा मार्च की घोषणा की है। एबीवीपी कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा से नयी विधानसभा परिसर तक मार्च निकालेंगे। हालांकि, रांची में सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बंद का आह्वान किया है। सोमवार को विधानसभा मार्च में हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसी दौरान कई अवरोधक तोड़ दिए गए हैं।