logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'जो बोले सो निहाल...' बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब के लिए माहौल बनाने लगी BJP

भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल में पहली बार सरकार बनाने का सपना पूरा कर लिया है। अब पार्टी की नजर पंजाब पर है जहां अब तक पार्टी अपने दम पर कभी भी सत्ता में नहीं आई है।

BJP

बीजेपी कार्यकर्ता, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव अब खत्म हो चुके हैं। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को काफी बढ़त मिली है। 10 साल पहले तक जिस पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के सिर्फ 3 विधायक थे उस पश्चिम बंगाल में अब 10 साल बाद बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में 207 सीटों पर जीतकर इतिहास बना दिया है। बीजेपी के लिए एक बात काफी मशहूर है कि पार्टी एक चुनाव खत्म होते ही दूसरे चुनाव की तैयारी में लग जाती है और इसकी एक झलक कल बीजेपी मुख्यालय से देखने को मिली। 

 

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत मिलने के बाद कल शाम दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हर चुनाव के बाद जश्न के लिए कार्यकर्ता यहां इकट्ठा होते हैं और पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हैं। पीएम मोदी के पहुंचने से पहले मंच पर से संबोधन हो रहा था। इस बीच कुछ सिख युवा 'जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल'बोलते हैं। इसके बाद मंच से भी जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल बोला जाता है। जाहिर है अगला चुनाव पंजाब में है और वहीं तक संदेश पहुंचाने के लिए यह किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: प्रदर्शन न जनाधार फिर भी इन नेताओं को राज्यों की कमान क्यों सौंपती है कांग्रेस?

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने क्या कहा?

पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत का जश्न मनाते हुए कहा, 'पंजाब और बंगाल की तुलना बार-बार की जाती है। ये तुलना इसी आधार पर की जाती है, क्योंकि दोनों राज्यों में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और धक्केशाही की स्थिति हैं। आज पंजाब की जनता सोच रही है कि अगर बंगाल को उस कुशासन से मुक्ति मिल सकती है तो पंजाब में क्यों नहीं? इसके लिए पंजाब भाजपा के कार्यकर्ता लामबंद हैं।'

सुनील जाखड़ ने कहा कि जब से अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी पंजाब में आकर कार्यकर्ताओं से मिले हैं तब से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि जिस रणनीति के तहत बंगाल जीता है उसी रणनीति के तहत अब पंजाब जीतने की तैयारी है और जब वोट करने का मौका आएगा तो पंजाब के लोग अब बीजेपी को मौका देंगे। 

हरियाणा के सीएम लगातार एक्टिव?

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को बीजेपी ने पंजाब में सक्रिय किया है। वह लगातार पंजाब में एक्टिव हैं और जनसभाएं कर रहे हैं। इसके साथ ही वह पंजाब के अलग-अलग तबकों के लोगों से मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'बंगाल का सबसे ज्यादा शोषण वहीं के राजनीतिक दलों ने किया है। आज बंगाल आजाद हुआ है और पीएम मोदी के नेतृत्व में कमल का फूल खिला है। इसके बाद अब पंजाब की बारी है।'

पंजाब में लगातार मजबूत हो रही बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने का मन बना चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से साफ कहा है कि वह पंजाब में सरकार बनाने जा रहे हैं। अमित शाह पंजाब दौरे के दौरान कहा था कि जिस राज्य में 19 प्रतिशत वोट बीजेपी को मिलता है उस राज्य में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की होती है। पंजाब में बीजेपी लगातार दूसरे दलों से और समाज में प्रभाव रखने वाले नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है।

पंजाब में मेहनत की जरूरत

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी 2020 तक अकाली दल के साथ चुनाव लड़ती थी। किसान कानूनों के कारण बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन टूट गया था। इसके बाद बीजेपी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा है। भले ही बीजेपी के हाथ बड़ी सफलता ना लगी हो लेकिन बीजेपी ने अपना वोट प्रतिशत बढ़ाया है। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों को पार्टी में शामिल कर संदेश दे दिया है कि वह पंजाब को लेकर गंभीर है। 


और पढ़ें