गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से पांच लोगों की जान चली गई। 10 लोग घायल हैं। भीषण धमाकों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों के शव के टुकड़े काफी दूर तक बिखरे मिले। बताया जा रहा है कि धमाका इतना भीषण था कि 5 किमी तक आवाज सुनाई पड़ी।
मौके पर दमकल विभाग की टीमें और भारी पुलिस मौजूद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अहमदाबाद के वस्त्रा इलाके में रामोल-गतराद रोड पर यह पटाखा फैक्ट्री अवैध तौर पर चलाई जा रही थी।
यह भी पढ़ें: सिपाही को चकमा देकर अस्पताल से भागा बीमार कैदी, पुलिस की फुर्ती पर सवाल
पुलिस के मुताबिक धमाका शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के आसपास हुआ। अधिकारियों का कहना है कि घटना के वक्त फैक्ट्री में 15 लोग मौजूद थे। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जान गंवाने वाले लोगों को परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
अहमदाबाद शहर के सेक्टर-2 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर के मुताबिक कुल 15 लोग हादसे की चपेट में आए हैं। अभी तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। चार लोगों की मौत एलजी अस्पताल और पांचवें की मौत अहमदाबाद सिविल अस्पताल में हुई है। 10 लोग घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री को बिना लाइसेंस के चलाया जा रहा था। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। यहां सुरक्षा मानदंडों के खिलाफ पटाखों का न केवल निर्माण, बल्कि भंडारण किया जा रहा था। यह फैक्ट्री मेहुल डोडिया के नाम पर है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने भी घटना पर शोक व्यक्ति किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है। मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'