तेलंगाना के हैदराबाद के मदनपेट इलाके में गणेश उत्सव के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि अन्नदान यानी प्रसाद बांटने की जगह के पास कथित तौर पर हड्डियों और खाने का कचरा भरा पैकेट फेंका गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही सोसायटी के तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इस मामले को शांतिपूर्ण तरीके से स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने के बाद अब इलाके में शांति है और यातायात सामान्य हो गया है।
यह भी पढ़ें: 'हत्या हुई है...', खुदकुशी मानने को तैयार क्यों नहीं सुरेद्र कोली के घरवाले?
क्या है पूरा मामला?
हैदराबाद के मदनपेट स्थित पुलिस हाउसिंग सोसाइटी के पास गणेश विसर्जन और प्रसाद बांटने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सोसाइटी की बिल्डिंग से अन्नदान स्थल के पास हड्डियों और बासी खाने से भरा एक पैकेट आकर गिरा।
पूजा समिति के सदस्यों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के आधार पर हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। तीनों के नाम मोहम्मद इमरान कुरैशी, अर्शिया बेगम और समीना बताया जा रहा है।
घटना के बाद विरोध-प्रदर्शन
इस घटना की जानकारी फैलते ही भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता चंचलगुड़ा इलाके में इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यह भगवान गणेश के प्रसाद को अशुद्ध करने की साजिश है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब अरविंद केजरीवाल का नाम? EC ने दिया जवाब
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए चारमीनार जोन के DCP किरण खरे ने बताया कि स्थिति को संभाल लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून की सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अब क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। साथ ही लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। मामले की आगे की जांच जारी है।