त्रिपुरा में सोमवार को कुछ तस्करों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 3 जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा रहा है कि हमलावरों ने BSF की गाड़ी तोड़ दी। इतना ही नहीं, BSF के जवानों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और उनके सरकारी हथियार भी छीनने की कोशिश की गई। यह घटना त्रिपुरा के बोक्सानगर के असबारी इलाके में हुई। इस हमले में BSF के 4 जवान घायल हुए हैं और आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 49वीं बटालियन के अंतर्गत आने वाले असबारी में BSF के जवानों और स्थानीय निवासियों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह कहासुनी हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि BSF जवानों ने हेफजुर रहमान नाम के एक शख्स पर लाठी से हमला कर दिया था। बाद में असिस्टेंट कमांडेंट रोहित कुमार वहां पहुंचे तो मामला और गरम हो गया।
वीडियो में जिस शख्स पर लाठी-डंडों से हमला किया जा रहा है वह रोहित कुमार ही हैं। इस हमले के बाद इलाके में BSF ने गस्त बढ़ा दी। थोड़ी ही देर में एक बार फिर से स्थानीय लोगों और BSF के जवानों के बीच टकराव हुआ। हालांकि, जल्द ही शांति स्थापित कर ली गई और जनजीवन सामान्य हो गया।
यह भी पढ़ें: 'टिकट के बदले पैसे', UP कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम पर आरोप; चिट्ठी वायरल
वायरल वीडियो में क्या है?
सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक BSF जवान से एक शख्स बंदूक छीनने की कोशिश कर रहा है। 4 पुरुष और दो महिलाएं लाठी और डंडों से BSF जवान पर हमला कर रहे हैं। जब वह जवान जमीन पर गिर गया तो एक शख्स ने उसके हाथ से हथियार छीन लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स ने BSF जवान के सिर पर भी लाठी मारी। आखिर में एक शख्स ने हमला कर रहे लोगों को दूर किया और मारपीट कर रहे लोगों से जवान को बचाने की कोशिश भी की।
एक दूसरे वीडियो में देखा जा सकता है कि लगभग 15-20 लोगों ने पहले BSF की टीम पर हमला शुरू किया था। इससे पहले एक शख्स और BSF के जवान के बीच हाथापाई हो रही थी। इतने में दूर से लाठी-डंडे लेकर आए लोगों ने BSF की टीम पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और पत्थरों के हमले के बीच BSF के 2 जवान वहां से भाग गए और एक बंदूकधारी जवान वहीं फंस गया था। पहले वीडियो में यही जवान दिख रहा है जिससे हथियार छीनने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: '6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखूंगा', विधायक हुमायूं कबीर ने किया एलान
CM माणिक साहा ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस घटना पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने लिखा है, 'असबारी में BSF के बहादुर जवान पर किए गए क्रूर हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। हमारे सुरक्षाबलों के खिलाफ इस तरह की हिंसा कतई स्वीकार्य नहीं है और इसकी सख्त निंदा की जानी चाहिए। हमारे सुरक्षाबलों पर किसी भी तरह का हमला गंभीर चिंता का विषय है और इसके खिलाफ कानून कार्रवाई की जानी चाहिए। इस मामले में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करने को कहा गया है।'