logo

मूड

ट्रेंडिंग:

ट्रेनिंग से लौटते समय ट्रक से टकराई कार, तीन थानेदार समेत 4 की मौत

ट्रेनिंग से लौट रहे तीन थानेदारों समेत कुल चार लोगों की कार हादसे का शिकार हो गई और चारों की मौत हो गई। यह हादसा बिहार के बेगूसराय जिले में हुआ है। 

truck car accident

ट्रक से जा टकराई कार, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

बिहार के बेगूसराय जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। पटना से प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर मधेपुरा लौट रहे तीन थाना प्रभारी और उनके चालक की जान उस समय चली गई, जब उनकी तेज रफ्तार कार एनएच-31 पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार जिंदगियां पलभर में खत्म हो गईं।

 

मिली जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। उनके साथ चालक ज्योतिष कुमार भी मौजूद थे। रात करीब 12:30 बजे साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

 

यह भी पढ़ें: UP के ऊर्जा मंत्री और UPPCL अध्यक्ष के बीच मतभेद, चिट्ठी सामने आने पर मचा हड़कंप

तीन ने मौके पर तोड़ा दम, एक की अस्पताल में मौत

हादसे में बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी भी मौत हो गई। इस प्रकार हादसे में तीन पुलिस अधिकारियों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई।

एकसाथ तीन थानेदारों के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-31 पर यातायात भी प्रभावित रहा।

 

यह भी पढ़ें: 90 दिन और 200 लीटर वाली रोक, आखिर 134 रुपये में क्यों मिलेगा डीजल?

एसपी बोले, हर पहलू की जांच जारी

 

बेगूसराय एसपी मनीष कुमार ने बताया कि मधेपुरा जिले में कार्यरत तीनों थाना प्रभारी पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में उनकी कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है। सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

 

यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि बिहार पुलिस के लिए बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। ड्यूटी और प्रशिक्षण के बीच जिम्मेदारी निभाकर लौट रहे तीन अधिकारियों का इस तरह असमय चले जाना पूरे विभाग को गहरे सदमे में छोड़ गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, एनएच-31 की यह दर्दनाक सुबह चार परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गई है।


और पढ़ें