logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हिमाचल प्रदेश: रामपुर में शादी से लौट रही कार खाई में गिरी, 3 की मौत और 2 घायल

हिमाचल के रामपुर में शादी समारोह से लौट रहे 5 लोगों की कार खाई में गिर गई। इसमें सवार एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit-Ai Generated Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit-Ai Generated Image

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामपुर-गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पशाड़ा कैंची के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पसरा मातम

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के जिगोचा गांव के निवासी बताए गए हैं। मृतकों की पहचान रामानंद (55), ओम प्रकाश (40) और हरमेंद्र (37) के रूप में हुई है। तीनों की असामयिक मौत से जिगोचा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, हादसे में राकेश कुमार (40) और रविंद्र कुमार (38) घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: क्या हिमाचल में सस्ती होगी बिजली, क्या है सुक्खू सरकार का प्लान?

सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्गम ढलान और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल ने खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य औपचारिकताओं के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक, प्रभावित परिवारों को मदद के निर्देश

रामपुर-गौरा मार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने और घायलों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 


और पढ़ें