केरल के मलप्पुरम जिले में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। कोझिकोड से त्रिशूर जा रही एक प्राइवेट बस ने अचानक कंट्रोल खो दिया। कंट्रोल खोने के बाद यह बस करीब 25 मीटर तक सड़क पर फिसलती हुई सर्विस रोड के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलटकर दूसरी ओर जा गिरी और उसका बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया पर अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद केरल के परिवहन मंत्री सीपी जॉन ने कहा कि पुलिस जांच के अलावा परिवहन आयुक्त भी दुर्घटना की अलग से जांच करेंगे और इसके कारणों पर रिपोर्ट सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार थी या सड़क निर्माण से जुड़ी कोई खामी।
यह भी पढ़ें: कौन हैं नंदन नीलेकणि, जिन्हें मिली NTA में सुधार की जिम्मेदारी?
बस में सवार थे कई यात्री
यह हादसा नेशनल हाईवे- 66 पर कुट्टीपुरम के पास कैलाश ऑडिटोरियम के नजदीक हुआ। दुर्घटना के समय 'डिफेंडर' नाम की प्राइवेट बस अपने नियमित रूट पर कोझिकोड से त्रिशूर जा रही थी और उसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि बस अचानक नियंत्रण खो देती है, तेज रफ्तार में काफी दूर तक फिसलती है और फिर डिवाइडर से टकराकर पलट जाती है। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास चल रहे अन्य गाड़ियों के ड्राइवर भी कुछ नहीं समझ पाए।
लोगों ने क्या बताया?
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बस पलटने से पहले एक ऑटो रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले गई। इसके बाद बस डिवाइडर पार करते हुए सड़क किनारे पहले से खड़ी एक कार के ऊपर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का ढांचा बीच से लगभग दो हिस्सों में टूटता हुआ नजर आया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
बस के अंदर फंसे थे कई यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। कई यात्री बस के भीतर फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए राहत दल को बस के कुछ हिस्सों को काटना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में अहम भूमिका निभाई और रेस्क्यू टीमों की मदद की। घायलों को कुट्टीपुरम, वलांचेरी और कोट्टक्कल के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार, कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले यात्री की पहचान वैष्णव के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा और पुलिस को ट्रैफिक सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद: हाइवे पर बाइक रोकी, युवक को मार दी गोली, देखते रहे बीवी-बच्चे
हादसे की जांच जारी
दुर्घटना की वजह को लेकर फिलहाल जांच जारी है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार, सड़क पर बारिश के कारण फिसलन और ड्राइवर का नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह हो सकते हैं। हालांकि, अंतिम कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। इस बीच, हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि किस तरह से बस टकराकर पलट गई। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग ऐसी घटनाओं पर चिंता जाहिर कर रहे हैं।