साल 2011 के बाद 16 साल बाद हो रही जनगणना-2027 की शुरुआत हो चुकी है। इसी कड़ी में मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर में भी स्वगणना (Self Enumeration) अभियान का शुरू हो गया है। इस अभियान का मकसद यह है कि लोग खुद से जनगणना में ऑनलाइन जानकारी देकर भाग ले सकें। नोएडा में इसकी शुरुआत सांसद और पूर्व मंत्री महेश शर्मा और नोएडा अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्ण करुणेश ने खुद अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर भरकर स्वगणना की शुरुआत की।
उन्होंने नोएडा में रहने वाले सभी निवासियों और आम लोगों से जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। हालांकि, जनगणना अधिकारी आने वाले समय में लोगों के घर आकर खुद जानकारी मांगेंगे।
कैसे करें स्वगणना?
स्वगणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए लोग भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक स्वगणना पूरी होने पर प्राप्त स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) सुरक्षित रखनी होगी, जिसे सरकारी अधिकारियों के घर आने पर देना कराना होगा।
जिले में कब से शुरू होगी जनगणना?
गौतमबुद्ध नगर में जनगणना चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि नोएडा में जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के लिए कुल 2,350 प्रगणक (Enumeration) और 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं, जो 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। स्वगणना अवधि के दौरान भी ये कार्मिक अपने आवंटित ब्लॉकों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नोएडा अथॉरिटी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर में रहने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी की जानकारी दो बार दर्ज न हो। जनगणना अवधि के दौरान नोएडा में किराए पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य काम करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी।
गोपनीय रखी जाती है लोगों की जानकारी
उन्होंने आगे बताया कि जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी को जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत गोपनीय रखी जाती है। चार्ज अधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 तक अपनी और अपने परिवार की स्वगणना जरूर पूरी करें। साथ ही क्षेत्रीय जनगणना के दौरान घर आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग दें।