उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बात की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने हाल ही में हुई घटना पर भी चर्चा की। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड 'अतिथि देवो भव:' की समृद्ध परंपरा का पालन करती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोक संस्कृति, गर्मजोशी से भरा आतिथ्य और आपसी सद्भाव की भावना देवभूमि की एक खास पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता रहा है।
सीएम धामी ने एक दिन पहले यानी गुरुवार को गायक मीका सिंह से भी फोन पर बात की थी। मीका गायक दलेर मेहंदी के भाई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उस समय मंत्री पर जनता का दबाव रहा होगा। उनियाल खुद स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत की जानकारी नहीं थी और उनका गायक को अपमानित करने का कोई इरादा नहीं था। सबको इस मामले की यहीं पर इतिश्री कर देनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में तीन दिन से जारी बिजली संकट का अंत, CM से मीटिंग के बाद हड़ताल खत्म
क्या है पूरा मामला?
दलेर मेहंदी से जुड़ा यह पूरा मामला टिहरी जिले के नरेंद्रनगर इलाके हैं। यहां 18 अक्टूबर को सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में गायक दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे थे। मगर विवाद तब हो गया जब उनके लाइव गायन और बैकग्राउंड में बजने वाले साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें आने लगीं।
हंगामा बढ़ने पर स्थानीय विधायक और धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए। मंत्री ने कहा कि आपको पैसे देकर मनोरंजन के लिए बुलाया गया। जब वह बोल भी नहीं पा रहे हैं तो गाएंगे क्या। मंत्री के इस व्यवहार से मंच पर असहज स्थिति पैदा हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री उनियाल की आलोचना हुई। बाद में मंत्री ने अपने व्यवहार पर सफाई भी दी।
सीएम धामी ने क्या कहा?
सीएम धामी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान पिछले दिनों हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई। लोक संस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता है। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।'