उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई। घटना कल 18 नवंबर यानी बुधवार की है। घटना के बाद से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ
ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही। सपा प्रमुख
अखिलेश यादव
ने घटना पर कहा कि उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए और बीजेपी पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रोड शो के दौरान 12-13 साल के मासूम की जान चली गई। आखिर उस बच्चे की क्या गलती थी? उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता की राजनीति करती है। योगी ने कहा कि सड़कों को आम लोगों के आने-जाने के लिए बनाया गया है, न कि उन पर हंगामा करने के लिए। उन्होंने साफ कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को ढूंढकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए - योगी
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में गुंडागर्दी, माफिया और अराजकता को बढ़ावा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के लोग जनता के साथ धोखा करते रहे हैं। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है। अगर कोई फिर से कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नाबालिग की मौत पर दुख जताया और पीड़ित परिवार से मुलाकात भी की।
यह भी पढ़ें: BJP को रोकने के लिए अखिलेश का नया दांव, अपने कोटे से छोटे दलों को देंगे सीटें
प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किया- अखिलेश
अखिलेश यादव से जब इस घटना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें अभी घटना की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किया था। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी से सावधान रहने की जरूरत है। उनके मुताबिक, बीजेपी किसी को भी झूठे मामले में फंसा सकती है।
अखिलेश ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि भविष्य में बुलडोजर से किसी का स्वागत न करें। उन्होंने कहा कि बुलडोजर का काम अच्छी सड़कें बनाना और विकास के काम करना है। उसमें दिमाग नहीं होता, उसे ड्राइवर चलाता है।