मध्य प्रदेश के रीवा में संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी को लेकर कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। सेमरिया विधायक ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया कि महिला शवों के साथ आपत्तिजनक हरकतें की जाती हैं। उन्होंने पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध वसूली का आरोप भी लगाया।
मंगलवार को रीवा के जैस्तंभ चौराहे पर कांग्रेस की ओर से जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान मंच से अभय मिश्रा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि अगर किसी खूबसूरत महिला की मौत हो जाती है और पोस्टमार्टम के दौरान उसके परिजन मौजूद नहीं होते या पैसे नहीं देते हैं तो उसके शव के साथ दुष्कर्म किया जाता है। हालांकि, संजय गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान शव के साथ दुष्कर्म के ऐसे किसी मामले की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: अंतिम संस्कार के बाद राख से निकाले आर्टिफिशियल घुटने, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा
प्रदर्शन के दौरान विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
अभय मिश्रा ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम के नाम पर लोगों से पैसे लिए जाते हैं। विधायक के इन आरोपों के बाद अस्पताल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के रुख पर नजर है। मामले में आधिकारिक जांच या बयान सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति साफ हो सकेगी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा की मौत को लेकर पहले से प्रदर्शन चल रहा है। बैकुंठपुर निवासी कल्पना को 25 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 26 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उनकी सर्जरी हुई। इसके करीब तीन घंटे बाद कल्पना और उनके बच्चे की मौत हो गई। कल्पना की मौत से पहले उनका एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें वह रोते हुए मदद की गुहार लगाती दिखाई दे रही थीं।