उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर अब आराधना मिश्रा उर्फ मोना को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष पद सौंपा है। इसपर यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है, इसमें जो भी चढ़ेगा, वह डूब जाएगा।
शुक्रवार 2 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश और पंजाब संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दिया। वहीं, देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: जंतर मंतर प्रोटेस्ट: 3 FIR, सैकड़ों हिरासत, अब CJP भी मैदान में, होगा क्या?
मंत्री संजय निषाद बोले कांग्रेस डूबती नाव है
निषाद पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा,'कांग्रेस एक डूबती हुई नाव है। अब उसमें जो भी बैठेगा, वह डूबेगा। चाहे किसी को भी उसका पायलट बना दो, वह आपको कहां पहुंचाएगा? समय रहते अगर इन लोगों ने नहीं सोचा, तो फिर कोई भी आए, क्या अंतर है राय और मिश्रा में? अंतर तब होता है, जब 85% आबादी में से किसी को अध्यक्ष बनाया जाता। क्योंकि संविधान में सामान्य जाति, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति, ये वर्गीकरण संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार हैं। इन चारों को अलग-अलग तरीके से व्यवस्था देनी चाहिए, तभी कुछ होगा। इस बदलाव से कुछ होने वाला नहीं है।'
आराधना मिश्रा और इमरान मसूद की बढ़ी जिम्मेदारी
अनुराधा मिश्रा यूपी के दिग्गज कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार की विधायक हैं। उनकी पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। अब प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने राज्य में संगठन को मजबूत करने और पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जिम्मेदारी होगी।
वहीं कांग्रेस ने सांसद इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनकी राजनीतिक पकड़ को देखते हुए उनको दी गई यह जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है।