छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सीआरपीएफ की 201 कोबरा बटालियन के तीन जवानों सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसा खपरी बायपास मार्ग पर उस समय हुआ जब जवानों का वाहन एक कार से टकरा गया। एक अन्य जवान घायल है, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, सीआरपीएफ के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे, तभी खपरी रोड के पास उनका वाहन एक कार से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन सीआरपीएफ जवान और कार चालक शामिल हैं।
हादसे के कारणों की पड़ताल जारी
सीआरपीएफ के महानिदेशक वी.एस. पांडे ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मृतक जवान 201 कोबरा बटालियन से संबंधित थे। 'यह हमारे लिए दुखद दिन है। तीन जवानों ने आज अपनी जान गंवाई। एक अन्य जवान घायल है और उसका उपचार किया जा रहा है।
सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति को संभावित कारणों में शामिल किया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।