गुजरात के भरूच जिले में चुनाव हारने वाले बीजेपी प्रत्याशी ने पूरे गांव का पानी बंद कर दिया। चार दिनों तक हजारों लोगों तक पीने का पानी नहीं पहुंच सका। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने बीजेपी प्रत्याशी और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद गुजरात पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (बी) (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा) के तहत केस दर्ज किया और दोनों को घर से गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत भी मिल गई।
मामला भरूच जिले के देहगाम गांव का है। करीब 10 हजार यहां की आबादी है। बीजेपी नेता शकील मलिक ने जंबूसर तालुका पंचायत की कवि-2 (देहगाम) सीट से पंचायत चुनाव लड़ा। मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसी खुन्नस में शकील ने अपने पिता खालिद मलिक के साथ मिलकर 28 अप्रैल को रिजल्ट वाले दिन पूरे गांव का पानी बंद कर दिया। पुलिस के दखल के बाद शुक्रवार यानी 1 मई को पानी की सप्लाई बहाल हुई।
यह भी पढ़ें: 'मैं दुनिया छोड़ चुका हूं', दिलजीत ने कॉन्सर्ट में दिया ऐसा बयान, चिंता में फैंस
जल समिति का अध्यक्ष है खालिद मलिक
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पूर्व सरपंच और ग्राम पंचायत सदस्य इब्राहिम मलिक ने बताया कि देहगाम जल समिति के माध्यम से पूरे गांव में नर्मदा नदी से आया पानी घर-घर पहुंचाया जाता है। मौजूदा समय में शकील मलिक के पिता खालिद मलिक जल समिति के अध्यक्ष हैं। गांव के सरपंच मोहसिन मलिक ने बताया कि 28 अप्रैल को आपूर्ति रुकने के बाद जल समिति के अन्य सदस्यों ने आपूर्ति बहाल करने की अपील की। मगर शकील और उसके पिता खालिद नहीं माने।
ग्रामीणों में था खौफ, किसी ने शिकायत नहीं की
सोशल मीडिया पर शकील मलिक और उसके पिता खालिद मालिक का एक वीडियो वायरल है। इसमें आरोपी तलवार लहराते हैं। ग्रामीणों को धमकाते हैं। गांव वालों में दोनों का इतना खौफ था कि किसी ने पुलिस से शिकायत करने की हिम्मत तक नहीं दिखाई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। कवि पुलिस निरीक्षक केएम चौधरी ने बताया कि शकील और खालिद को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। शक है कि चुनाव में हार के बाद दोनों ने यह कदम उठाया
यह भी पढ़ें: अगर बंगाल जीती BJP तो सुवेंदु अधिकारी CM, क्यों लगाई जा रही हैं ऐसी अटकलें?
शकील मलिक को किसने हराया?
जंबूसर तालुका पंचायत में कुल 22 सीटें हैं। सबसे अधिक 14 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की। पंचायत पर उसका कब्जा हो गया है। कांग्रेस ने छह व निर्दलीय और आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट पर कब्जा जमाया। शकील मलिक को इसी पंचायत की कवि-2 सीट पर हार मिली। उन्हें आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सोहेल शेख ने दो हजार से अधिक मतों से शिकस्त दी। सोहेल मलिक का कहना है कि बीजेपी नेता शकील मलिक और उसके पिता हार को पचा नहीं पाए।