देहरादून के एक निजी स्कूल में एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। 11वीं कक्षा की छात्राओं ने कहा की भौतिक विज्ञान के शिक्षक उनको गलत तरीके से छूते हैं। शिक्षक के व्यवहार से परेशान होकर 15 छात्राओं ने स्कूल की प्रिंसिपल को लिखित शिकायत भी दी।
स्कूल प्रबंधन पर आरोप है कि उसने छात्राओं के शिकायत के बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इस पर बीते शुक्रवार को छात्राओं के परिजनों ने स्कूल में अपना विरोध जताया। हंगामा होने पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दिया है।
स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्राओं के आरोप को गंभीरता से नहीं लिया। एक छात्रा ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने उससे पूछा कि शिक्षक उसे किस तरह छूते हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसकी शिकायत पर सवाल उठाए गए और उसे झूठा बताया गया।
परिवार पर आरोप है कि जब छात्रा शिकायत की रिसीविंग लेने पहुंचे तो उसे परेशान किया गया। दूसरी तरफ प्रिंसिपल का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद 16 अक्टूबर को ही संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था।
15 छात्राओं ने की शिकायत
छात्रा और उसके परिवार के मुताबिक शिक्षक के व्यवहार को लेकर स्कूल प्रबंधन को लिखित शिकायत दी गई थी। इस शिकायत पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया है। परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद प्रिंसिपल ने कार्रवाई का भरोसा दिया था। लेकिन जब स्कूल प्रबंधन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई तब परिजन स्कूल पहुंच गए। स्कूल पहुंचने पर भी उनकी शिकायत नहीं सुनी गई। जब विवाद हुआ तब मामला पुलिस ने मामले में जांच करना शुरू किया।
यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर 20 महिला कांस्टेबलों को फंसाया, 24 लाख की ठगी
प्रिंसिपल ने छात्राओं से पूछा सवाल
एक छात्रा ने प्रिसिंपल पर गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा के अनुसार जब उसने प्रिंसिपल से शिक्षक की शिकायत की तो उन्होंने कहा, 'बताओ तुमको सर कैसे छूते हैं। क्या इस तरह तुमको घर पर पापा नहीं छूते क्या?' इतना ही नहीं प्रिंसिपल ने छात्रा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
प्रिसिंपल ने कहा, 'तुम्हारे चेहरे पर लिखा हुआ है कि तुम झूठ बोल रही हो। तुम्हारे साथ इस तरह की कोई घटना नहीं हुई।' आरोप लगाने वाली छात्रा ने बताया कि यह घटना केवल उसके साथ नहीं घटी है। कक्षा की कई अन्य छात्राओं के साथ भी यह घटना घट चुकी है।
यह भी पढ़ें: 31 साल पहले बिछड़ा पिंटू, अब्दुल जब्बार बनकर लौटा घर; मां ने कैसे पहचाना?
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक पर लगे आरोपों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ किए गए दावों की जांच जारी है।